top of page

संभागायुक्त और कलेक्टर पहुंचे ग्राम दुदरसी

उज्जैन.दैनिक मालवा हेराल्ड | मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान उज्जैन जिले में जारी है। अभियान के तहत ग्रामीणों को विभिन्न सेवाएँ मौके पर ही प्रदान की जा रही हैं तथा उनकी शिकायतों का भी त्वरित निराकरण हो रहा है। जिले में चल रहे मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के क्रियान्वयन का जायजा लेने के लिये संभागायुक्त संदीप यादव एवं कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम आज उज्जैन जनपद के ग्राम दुदरसी पहुंचे। यहां पर उन्होंने ग्रामीण महिलाओं एवं पुरूषों से चौपाल लगाकर चर्चा की। चर्चा में ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि उन्हें खेती किसानी के अलावा खाली समय के लिये रोजगार की आवश्यकता है।


ग्रामीणों से चर्चा में जानकारी मिली कि गांव में स्व-सहायता समूह का गठन नहीं किया गया है। इस बात पर संभागायुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए एनआरएलएम के ब्लॉक कॉर्डिनेटर प्रवीण सिंह के विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश जिला पंचायत सीईओ अंकिता धाकरे को दिये हैं। ग्राम दुदरसी में संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने लगभग डेढ़ से दो घंटा ग्रामीणों से चर्चा की और उनकी समस्याओं के बारे में जाना। राजस्व विभाग से सम्बन्धित मामलों में नामांतरण, बंटवारा, स्वामित्व योजना की जानकारी प्राप्त की गई।


संभागायुक्त ने निर्देश दिये हैं कि ग्राम पंचायत के सचिव व पटवारी प्रत्येक ग्राम पंचायत में सप्ताह में चार दिन अनिवार्य रूप से बैठें व ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण करें। संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान शासकीय भूमि सम्बन्धी की जानकारी भी सम्बंधित अधिकारियों से माँगी | इस दौरान जिले के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे |

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page