
25 May 2023
नीलगंगा थाना पुलिस की घेराबंदी में घायल हुआ बदमाश
उज्जैन.दैनिक मालवा हेराल्ड | प्राणघातक हमले के आरोपी ने गुरुवार दोपहर खुद को पुलिस से घिरा देखकर लालपुल ब्रिज से छलांग लगा दी। घायल होने पर पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी की कई थाना पुलिस को लंबे समय से तलाश थी।
इंदौर रोड इंद्रालय कॉलोनी के सामने 5 मार्च की रात 11:30 बजे 4 बदमाशों में ऑटो चालक परवेज पिता अब्दुल समद निवासी अहमदनगर पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया था। नीलगंगा थाना पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर बदमाश सूरज उर्फ बारीक, सत्येंद्र ठाकुर, गोलू और सागर के खिलाफ प्राणघातक हमले का मामला दर्ज कर तीन हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया था। सूरज उर्फ बारीक की हमले के बाद से ही पुलिस को तलाश थी। गुरुवार को सूचना मिली की हमले में शामिल आरोपी कनीपुरा की और दिखाई दिया है। एस आई आई मनोहर बड़ोदिया, महेंद्र मकाश्रे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पहुंचे। बदमाश मौके से भाग निकला था। पुलिस उसकी तलाश में थी तभी जानकारी सामने आई कि बदमाश सूरज लालपुल ब्रिज की ओर गया है। दोनों एसआई टीम के साथ लालपुल की ओर पहुंचे और बदमाश की तलाश शुरू की। बदमाश लालपुल के ऊपर पहुंच चुका था जिसकी दोनों ओर से घेराबंदी की गई। पुलिस को देख बदमाश ने पुल पर से छलांग लगा दी। गिरने से उसके दोनों पैर में चोट लगी जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। सीएसपी सचिन परते ने बताया कि बदमाश के खिलाफ शहर के कई थानों में संगीन अपराध दर्ज हैं। उसकी देवास पुलिस को भी काफी समय से तलाश थी। बदमाश का अभिरक्षा में उपचार कराया जा रहा है। अस्पताल से छुट्टी होने पर गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी। बदमाश जबरन कॉलोनी का रहने वाला है लेकिन अपराध करने के बाद अपना ठिकाना बदल लेता था। नीलगंगा थाना क्षेत्र में ऑटो चालक पर हमला करने से 2 दिन पहले सूरज उर्फ बारीक ने रेलवे स्टेशन परिसर में खड़ी कुछ ऑटो के कांच फोड़ने की वारदात को भी अंजाम दिया था। सूरज अपने आधा दर्जन साथियों के साथ बाइक पर सवार होकर रेलवे स्टेशन पहुंचा था और 4-5 ऑटो के कांच फोड़ दिए थे। बदमाश ऑटो चालकों पर होटल से मिलने वाले कमीशन में से हिस्सा देने का दबाव बनाता था। सूरज के खिलाफ चिमनगंज थाना क्षेत्र में भी वाहन फोड़ने और मारपीट के मामले दर्ज है।