
23 Jun 2023
ख़ुद को बैंक अधिकारी बता कर महिला ने दिया ठगी को अंजाम
उज्जैन। मंदिर में हुई पहचान के दौरान खुद को बैंक अधिकारी बताकर महिला ने नौकरी दिलवाने के नाम पर 3.50 लाख ठग लिए। महीनों गुजर जाने के बाद भी नौकरी नहीं मिली तो मामला थाने पहुंचा। पुलिस ने जांच के बाद महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
नानाखेड़ा थाना एस आई वेदप्रकाश साहू ने बताया कि अलकनंदा नगर में रहने वाले मुकेश पिता हरिराम प्रजापति की पहचान सितंबर 2022 में क्षेत्र के ही एक मंदिर में प्रतिदिन दर्शन करने के दौरान मंदिर आने वाली महेश विहार कॉलोनी की निकिता दास से गई थी। निकिता ने खुद को बैंक ऑफ बड़ौदा में अधिकारी होना बताया और मुकेश प्रजापति से बातचीत के दौरान परिवार की जानकारी ली। मुकेश की बेटी काफी पढ़ी-लिखी होने पर निकिता ने उसकी नौकरी बैंक में लगवाने का झांसा देते हुए मुकेश को अपनी बातों में उलझा लिया। बेटी को नौकरी मिलने की बात सुनकर मुकेश प्रजापति काफी खुश हो गया। इसी का फायदा उठाकर निकिता ने नौकरी दिलवाने के एवज में 3.50 लाख रुपए मांगे। मुकेश प्रजापति ने उसे पैसे दे दिए। कुछ दिनों बाद नौकरी का जॉइनिंग लेटर नहीं आने पर मुकेश ने निकिता से संपर्क किया लेकिन वह आनाकानी करने लगी। 3 से 4 माह गुजर जाने के बाद मुकेश ने पैसे लौटाने को कहा लेकिन निकिता ने साफ इंकार कर दिया। मुकेश ने मामले की शिकायत करते हुए लिखित आवेदन दिया। एसआई साहू के अनुसार जांच के बाद मामले में निकिता के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया गया है। खुद को बैंक अधिकारी बताने की बात सामने आने पर बैंक को पत्र लिख जानकारी मांगी जाएगी। वही जल्द निकिता को गिरफ्तार किया जाएगा।