top of page

गौतम मार्ग चौड़ीकरण शुरू

उज्जैन.दैनिक मालवा हेराल्ड | के डी गेट से ईमली तिराहा गौतम मार्ग चौड़ीकरण अभियान आज शुरू हुआ | समाचार मिलने तक उज्जैन नगर पालिक निगम द्वारा करीब 15 भवनों को तोड़ने की कार्यवाही की गई। इस अभियान में कई रहवासियों स्वयं भी अपने मकान को तोड़ रहे हैं |


इस चौड़ीकरण अभियान का उद्देश यातायात संबंधी समस्याओं का समाधान, आवागमन की सुगमता और नगर के सुव्यवस्थित विकास की ओर बढ़ते हुए कदम रखा गया है | नगर निगम द्वारा पिछले एक सप्ताह से क्षेत्रीय रहवासियों को सचेत करते हुए माईक द्वारा चौड़ीकरण संबंधी सूचना का प्रचार प्रसार कराया जा रहा था | इस दौरान स्थानीय नागरिकों से अपील भी की गई कि वे स्वयं अपने अपने प्रभावित भवन का भाग हटा लेवें |


आज निगम द्वारा युद्ध स्तर पर कार्य को गति प्रदान करते हुए अपने अधिकृत व्यक्तियों, अधिकारियों, संसाधनों के साथ स्थल पर तुड़ाई कार्य शुरू किया गया | महापौर मुकेश टटवाल चौड़ीकरण कार्य पर सतत निगाह रखे हुए हैं | उन्होंने एम आई सी सदस्यों और संबंधित अधिकारियों को विशेष रूप से स्थल पर तैनात करते हुए निर्देशित किया है कि चौड़ीकरण संबंधी कार्यवाही के दौरान नागरिकों के हितों के संरक्षण का विशेष ध्यान रखा जाए।


उन्होंने निर्देश दिया कि भवनों के अपेक्षित भाग को पूर्ण सुरक्षा के साथ तोड़ा जाए। पानी तथा विद्युत इत्यादि की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए तथा प्रभावित भवन स्वामियों को नियमानुसार मुआवजा दिये जाने की प्रक्रिया को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ बिना किसी विलंब के पूरा किया जाए।


महापौर ने प्रभावितों से अपील की है कि निगम द्वारा की गई व्यवस्थाओं के पश्चात भी यदि किसी प्रकार की समस्या हो तो उसे बिना चिंता किये उन्हें प्रत्यक्ष रूप से भी अवगत कराया जा सकता है। वे स्वयं यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी व्यक्ति कोई भी समस्या अधूरी ना रह जाए।


निगम आयुक्त रोशन कुमार सिंह ने एक आदेश जारी कर उपायुक्त चंद्रशेखर निगम को चौड़ीकरण कार्य हेतु गठित तकनीकी दल का प्रभारी बनाया और उन्हें ये निर्देश दिया कि वे रहवासियों को वैधानिक, तकनीकी सहायता मार्गदर्शन प्रदान करें | साथ ही उचित क्षतिपूर्ति मुआवजा, एफ.ए.आर. इत्यादि की कार्यवाही बिना किसी विलंब के पूर्ण करने हेतु उनकी स्थल पर तैनाती की गई है।


इस क्रम में अपर आयुक्त आर. एस. मंडलोई, उपायुक्त चंद्रशेखर निगम, कार्यपालन यंत्री अनिल जैन सहित निगम, पी.एच.ई., विद्युत मंडल, पुलिस प्रशासन इत्यादि का अमला स्थल पर तैनात रह कर अपनी भूमिका निभा रहे हैं। चंद्र शेखर निगम ने चार्ज संभालते ही स्थल पर उपस्थित हो कर कार्य को गति प्रदान की | शाम पांच बजे के पश्चात मार्ग से मलबा हटाए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page