top of page

उज्जैन में निकली बाबा महाकाल की श्रावण माह की अंतिम सवारी

29 Aug 2023

भगवान महाकालेश्वर ने रुद्रेश्वर स्वरुप में दिए जनता को दर्शन

उज्जैन। सावन का आखिरी सोमवार और बाबा महाकाल की आठवीं सवारी होने पर एक बार फिर धार्मिक नगरी में आस्था का सैलाब दिखाई दिया। शाम 4 बजे बाबा महाकाल अपनी प्रजा का हाल जानने और भक्तों को दर्शन देने के लिए लाव-लश्कर के साथ परंपरागत मार्ग पर निकले। इस बार सवारी में बाबा का नया स्वरूप  रुद्रेश्वर मुखारविंद शामिल किया गया था।


अनादिकाल से 12 ज्योतिर्लिंगों में विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकालेश्वर के दरबार से श्रवण भादो मास में बाबा महाकाल अपनी प्रजा का हाल जानने और भक्तों को दर्शन देने के लिए नगर भ्रमण पर निकलते हैं। सावन का आखिरी सोमवार होने पर बाबा महाकाल की आठवीं सवारी धूमधाम के साथ निकाली गई। महाकाल सभा मंडपम में  विधि विधान के साथ पूजन किया गया और ठीक 4 बजे बाबा चांदी की पालकी में चंद्रमोलेश्वर स्वरूप में विराजित होकर परंपरागत मार्ग पर भक्तों को दर्शन देने के लिए पहुंचे। बाबा की पालकी मंदिर से बाहर आते ही पुलिस प्रशासन की ओर से गॉड ऑफ ऑनर दिया गया। बाबा को अपने पीछे देखकर भक्तों ने जय श्री महाकाल का उद्घोष शुरू कर दिया। बाबा की हर सवारी में नया मुखारविंद शामिल किया जा रहा है इस बार बाबा अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए रुद्रेश्वर सप्तधान स्वरूप में रथ पर सवार थे। आठवीं सवारी के दौरान बाबा की पूर्व में निकाली गई सात स्वरूपों के मुखारविंद भी शामिल किए गए थे जिसमें हाथी पर मनमहेश, गरुड़ रथ पर शिव तांडव, नंदी रथ पर उमा-महेश, डोल रथ पर होलकर स्टेट के मुखारविंद, नवीन रथ पर घटाटोप स्वरूप और दूसरे नवीन रथ पर जटाशंकर के साथ रुद्रेश्वर सप्तधान मुखारविंद के दर्शन कर श्रद्धालु धन्य हो गए। सावन मास के बाद अब भादौ महीने की दो सवारी 4 सितंबर और शाही सवारी 11 सितंबर को निकल जाएगी।


दोपहर में महाकाल मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री


सावन का आखिरी सोमवार होने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी उज्जैन पहुंचे । दोपहर में उन्होंने मंदिर पहुंचकर गर्भ ग्रह में बाबा को दंडवत किया और  पंचामृत पूजन अभिषेक किया। मुख्यमंत्री के साथ उनकी धर्मपत्नी साधना सिंह भी मौजूद थी। पूजा अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने महाकाल लोक में दूसरे चरण में हो रहे कामों को भी देखा। उन्होंने कहा कि सब सुखी रहें, निरोग रहें, सबका मंगल और कल्याण हो, महाकाल के चरणों में यही प्रार्थना की। संभावना जताई गई है कि 11 सितंबर को महाकाल की शाही सवारी में भी मुख्यमंत्री शामिल हो सकते हैं।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page