
1 Jul 2023
मरम्मत एवं अन्य कार्यों के लिए स्वीकृत किये बीस लाख
स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान अंतर्गत नगर पालिक निगम द्वारा प्रत्येक शनिवार को श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है जिसमें शहरवासियों की सहभागिता से श्रमदान करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा है। इसी क्रम में महापौर मुकेश टटवाल आज सुबह चक्रतीर्थ पहुँचे।
यहाँ उन्होंने नगर निगम कर्मियों, सामाजिक संस्था के प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों के साथ मिलकर सुनहरी घाट से लेकर चक्रतीर्थ तक श्रमदान किया। चक्रतीर्थ पर अपने निरीक्षण के दौरान महापौर ने यहाँ मरम्मत एवं यहाँ के विकास की ज़रूरत महसूस की।
चक्रतीर्थ पर दाह संस्कार के लिए आने वाले नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए महापौर ने 20 लाख रुपए की लागत से शेड निर्माण, मरम्मत के कार्य, प्याऊ की सुविधा, बैठने के लिए कुर्सियाँ, सुरक्षा की दृष्टि से चौकीदार की नियुक्ति, शौचालय की व्यवस्था इत्यादि कार्य करवाने के निर्देश संबंधित झोन के अधिकारी को दिये।
महापौर ने निगम अधिकारियों को निर्देशित किया चक्रतीर्थ पर पेंटिंग के कार्य करवाए जाए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि यहाँ आने वाले नागरिकों की सुविधा हेतु कैंटीन का निर्माण भी शीघ्र प्रारंभ किया जायेगा।