
8 Aug 2023
मजदूरी करने वाले दंपत्ति हिरासत में, पूछताछ जारी
उज्जैन। 2 दिन पहले लापता हुई मासूम बालिका को 24 घंटे बाद बडनगर से पुलिस ने खोज निकाला। बालिका को अगवा करने वाले दंपत्ति को हिरासत में लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। बालिका को परिजनों के सुपुर्द किया गया है।

कोतवाली थाना क्षेत्र के नजर अली मिल कंपाउंड से 6 अगस्त की शाम 5 वर्षीय बालिका लापता हो गई। परिजनों ने सभी जगह तलाश करने के बाद मामले की शिकायत थाने पहुंचकर दर्ज कराई। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर बालिका की तलाश शुरू की और नजर अली मिल कंपाउंड पहुंचकर जानकारी जुटाई आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी देखे गए। 24 घंटे बाद मंगलवार सुबह बालिका को बडनगर से बरामद कर लिया गया। बालिका के अगवा कर ले जाने वाले दंपति को भी हिरासत में लिया गया है। मामले का खुलासा करते हुए एएसपी गुरु प्रसाद पाराशर और जयंत सिंह राठौर ने बताया कि बालिका पूरी तरह से सुरक्षित है जिसकी तलाश के लिए कोतवाली थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और साइबर टीम गठित की गई थी। बालिका को परिजनों के सुपुर्द किया गया है। हिरासत में लिए गए दंपत्ति से पूछताछ की जा रही है।
पड़ोस की झोपड़ी में रहते हैं दंपति
बताया जा रहा है कि नजर अली मिल कंपाउंड में आसपास के जिलों से भील समाज के लोग झोपड़ी बनाकर निवास कर रहे हैं जो शहर में मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते हैं। बालिका अपनी दादी के साथ यहां पर निवास कर रही है उसे अगवा कर ले जाने वाले दंपत्ति भी समीप झोपड़ी में निवास करते हैं। जिनका कहना था कि बालिका उनके यहां आती जाती थी। उसके माता-पिता नहीं है जिसके चलते हमारे पास ही रहती थी पैतृक गांव बड़नगर में है वह गांव जा रहे थे उसी दौरान बालिका भी उनके साथ आ गई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।