
उज्जैन। मानसून की दस्तक के बाद बारिश ने शहर से मुंह मोड़ लिया है। दिन रात के तापमान में तेजी आने लगी है। अब झमाझम बारिश के लिए कुछ दिनों का इंतजार करना होगा। इस बीच हल्की और रुक रुक कर बारिश होती रहेगी।
26 जून को मानसून झमाझम रूप से दस्तक दी थी और कुछ देर में ही 1 इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई। 3 से 4 दिनों तक आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बारिश होती रही जिसके बाद बारिश का क्रम थम गया है। रविवार से तापमान में तेजी आना शुरू हो गई है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री पहुंच गया है जो मानसून की दस्तक के बाद 26 डिग्री पर आ गया था। बीती रात न्यूनतम तापमान में भी तेजी आई है जो 27 डिग्री के करीब दर्ज हुआ है। जीवाजीराव वेधशाला अधीक्षक डॉ राजेंद्र कुमार गुप्त के अनुसार बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से उठा मानसून अब कमजोर पड़ चुका है। नया सिस्टम बनने के बाद ही झमाझम बारिश शुरू होगी जिसके लिए कुछ दिनों का इंतजार करना होगा। मानसून की दस्तक के बाद जिले में 4 इंच के लगभग बारिश दर्ज हो चुकी है। शहर की औसतन बारिश का आंकड़ा 36 इंच है। इस बार मानसून ने देरी से दस्तक दी थी लेकिन अच्छी बारिश की संभावना है अभी 2 माह का वर्षा काल बाकी है वही इस बार सितंबर माह में भी बारिश की संभावना नजर आ रही है इस बीच औसतन आंकड़ा संभवत पूरा हो जाएगा।
——————
खेतों में दिखाई देने लगे किसान
——————
जिले में हुई 4 इंच बारिश के बाद किसानों ने खेतों का रुख कर लिया है और सोयाबीन की फसल बोने का काम शुरू हो चुका है। खेतों की मिट्टी पर्याप्त रूप से फसल बोने लायक हो चुकी है। जिसके चलते किसान दिन-रात खेतों में नजर आ रहा है। खेतों में जुताई का काम पूरा कर लिया गया है अब फसल के बीज डाले जा रहे हैं जो 3 से 4 दिन में पूरी तरह से खेतों में डाल दिए जाएंगे। इस बीच हल्की बारिश होने से फसल को फायदा पहुंचेगा।