
9 Jul 2023
चार दिन बाद मामला थाने पहुँचा
उज्जैन। दो पहिया वाहन शोरूम से लॉकर में रखे 95 हजार रुपए गायब हो गए। वारदात को लॉकर का ताला खोलकर अंजाम दिया गया था। शोरूम के मालिक ने चार दिनों बाद मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस 4 कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है।
बड़नगर थाना क्षेत्र के डायवर्सन मार्ग पर दो पहिया वाहन का अवंतिका शोरूम बना हुआ है। सोमवार को शोरूम संचालक अभिनव पिता नरेंद्र कुमार धाकड़ निवासी शंकराचार्य मार्ग उज्जैन कर्मचारियों को चाबी देकर घर लौट आए थे। 3 दिन बाद जब वापस शोरूम पहुंचे तो लॉकर में रखे 95 हजार 500 रुपए गायब थे लॉकर का ताला लगा हुआ था। उन्होंने शोरूम पर काम करने वाले 4 कर्मचारियों से पूछताछ की लेकिन किसी ने कुछ नहीं बताया। शुक्रवार को अभिनव धाकड़ मामले की शिकायत पर बड़नगर थाने पहुंचकर दर्ज कराई और कर्मचारियों पर शक जताया। थाना प्रभारी अमित सोलंकी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, कर्मचारियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। शोरूम के मालिक का कहना है कि वह कर्मचारियों को चाबी देकर कई बार जा चुका था लेकिन अब तक इस तरह ऐसा नहीं हुआ। कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है, क्योंकि वारदात को ताला खोलकर अंजाम दिया गया है। जल्द ही मामले का पटाक्षेप कर लिया जाएगा।