
उज्जैन| एक्टिवा सवार महिला पर बस चढ़ाने वाला चालक हिरासत में उज्जैन। चामुंडा माता चौराहा पर बीएसएनएल अकाउंटेंट पर बस चढ़ाकर जान लेने वाला चालक आधी रात को पुलिस की हिरासत में आ गया। दुर्घटना के बाद चालक बस देवासगेट थाने के पीछे सख्याराजे धर्मशाला के पास खड़ी कर भाग निकला था। शनिवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजनों को सौंपा है। आगररोड इंदिरानगर में रहने वाली शालिनी पति अभिषेक शर्मा (40) बीएसएनएल ऑफिस में अकाउंटेंट थी। शुक्रवार शाम एक्टिवा से घर लौट रही थी। उसी दौरान एम यादव बस ने टक्कर मार दी थी। अकाउंटेंट के गिरते ही चालक ने बस भगाई और पिछला पहिया शालिनी के ऊपर से गुजर गया। दुर्घटना में मौके पर उसकी मौत हो गई थी। चालक बस को फ्रीगंज ओव्हर ब्रिज के नीचे पेट्रोल पंप के पास खड़ी कर भाग निकला था। देवासगेट पुलिस बस जब्त कर ली थी। देर रात चालक रईस पिता मुंशी खां निवासी बिछडोद को हिरासत में ले लिया। मामले में मर्ग कायम करने के साथ चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है। गौरतलब हो कि बीएसएनएल की अकाउंटेंट 2 बच्चों की मां होकर आम आदमी पार्टी के शहर अध्यक्ष अभिषेक शर्मा की पत्नी थी। शनिवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। अंतिम यात्रा में आप पार्टी के कार्यकर्ताओं, बीएसएनएल ऑफिस के कर्मचारी-अधिकारी सहित क्षेत्रवासी और परिजन शामिल हुए।