
उज्जैन.दैनिक मालवा हेराल्ड | उज्जैन पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने आज शाम नानाखेड़ा से नीलगंगा जाने वाले मार्ग पर जनता का दरबार लगाया | इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित हुए | उनकी इस पहल से जनता में हर्ष का माहोल था | क्षेत्र के रहवासियों ने इस कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस अधीक्षक को अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
सभी की बात ध्यानपूर्वक सुनने के बाद पुलिस अधीक्षक ने रहवासियों को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सीधे पुलिस अधिकारियों से जुड़ने का सुझाव दिया | उनके अनुसार थाना क्षेत्रों में हर उम्र के 15 से 20 वॉलिंटियरों को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से थाना प्रभारी एवं सीएसपी से जोड़ा जाए, जिससे वे क्षेत्र की समस्या से पुलिस को आसानी से अवगत करा सकें |
हाल ही के दिनों में मध्य प्रदेश शासन के आदेशानुसार खुल्ले में शराब पीने पर पाबंदी लगा दी गई है | बावजूद इसके असामाजिक तत्वों द्वारा खुले में शराब पीकर हुड़दंग मचाना, आम जनता से मारपीट करना एवं उनकी एवं शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुँचाने जैसे वारदातों में इजाफा हुआ है |
ऐसे में पुलिस कप्तान का जनता के बीच सीधे जाना एक सराहनीय कदम है | उनके इस फ़ैसले से जनता में पुलिस के प्रति अनुकूल छवि बनाने में मदद मिलेगी | आज के कार्यक्रम के बाद जनता में पुलिस अधिकारियों के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली |