
23 Jun 2023
पाटीदार अस्पताल के सामने से हुआ था चोरी
उज्जैन। डेढ़ साल पहले चोरी हुई ऑटो पुलिस ने बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक ने ऑटो चुराई थी दूसरे ने 40 हजार रुपए में खरीदी थी। दोनों को शुक्रवार दोपहर न्यायालय में पेश किया गया था जहां से ऑटो चुराने वाले को जेल भेजा गया ।
माधव नगर थाना प्रभारी मनीष लोधा ने बताया कि अक्टूबर 2021 में पाटीदार अस्पताल के सामने से यशवंत वाडिया की सीएनजी ऑटो अज्ञात बदमाश चुरा कर ले गए थे। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही थी लेकिन सुराग नहीं मिल पा रहा था। वारदात का पता लगाने के लिए मुखबिर तंत्र को अलर्ट किया गया था। गुरुवार शाम जानकारी मिली थी डेढ़ साल पहले चोरी हुई ऑटो नानाखेड़ा स्थित समुद्र मंथन चौराहे पर खड़ी हुई है। तत्काल एसआई सलमान कुरेशी, ए एस आई लक्ष्मीकांत गौतम के साथ टीम को रवाना किया गया। ऑटो के साथ सलमान नामक युवक को पकड़ा गया जो जीवाजीगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला है । उससे पूछताछ करने पर सामने आया कि उसने 40 हजार रुपए में ऑटो फिरोज लाला निवासी नीलगंगा मल्टी से खरीदी थी। ऑटो चुराने वाले का सुराग मिलते ही उसे शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में ऑटो खरीदने वाले को भी आरोपी बनाया गया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया था जहां से ऑटो खरीदने वाले को जमानत पर रिहा कर दिया गया। चोरी करने वाले बदमाश को जेल भेजा गया है। टीआई के अनुसार ऑटो चुराने वाले बदमाश के खिलाफ उज्जैन, इंदौर और आगर सहित कई थानों में संगीन मामले दर्ज होना सामने आए हैं।