
उज्जैन.दैनिक मालवा हेराल्ड | प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरूवार को दानीगेट पर दानीगेट से चक्रतीर्थ जाने वाले मार्ग के डामरीकण कार्य का भूमिपूजन किया। कायाकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम द्वारा 16 लाख रूपये की लागत से लगभग 360 मीटर लंबे दानीगेट से अनंतपेठ मार्ग और वहाँ से चक्रतीर्थ चौराहे तक के मार्ग का डामरीकण कार्य किया जायेगा।
मंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर कहा कि स्थानीय निवासियों की सुविधा के लिए काफी समय से यह मार्ग दुरुस्त किये जाने की दरकार थी। अब डामरीकरण कार्य के पश्चात आमजन को अवागमन में कोई परेशानी नहीं आयेगी। मंत्री डॉ. यादव ने अपनी ओर से स्थानीय निवासियों को शुभकामनाएं दी। स्थानीय नागरिकों ने भी जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त कर फूल-माला से उनका सम्मान किया।
वहीँ दूसरी ओर ब्रजराजखेड़ी से गंगेड़ी और नलवा से सेमदिया तक बनने वाले मार्गों का भूमिपूजन भी उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया। उल्लेखनीय है कि ब्रजराजखेड़ी से गंगेड़ी तक 1.5 किमी का मार्ग 1 करोड़ 27 लाख रूपये की लागत से तथा नलवा से सेमदिया तक 1.45 किमी का मार्ग 96 लाख रूपये की लागत से लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित कराया जायेगा।
मंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीण जनों को अपनी ओर से शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि गावों में निरंतर अवागमन सुगम्य बनाने की दृष्टि से सरकार द्वारा नये मार्ग निर्मित करवाये जा रहें हैं। गावों में पक्की सड़कें बन रही हैं। उनकी कनेक्टिवीटी लगातार बढ़ रही है। उज्जैन में निरंतर रेल मार्ग, सड़क मार्ग और हवाई मार्ग के विकास के लिए कई योजनाएं बनाई जा रही हैं। आमजन की सभी मूलभूत सुविधाएं जैसे पेयजल, निरंतर विद्युत प्रदाय और रहने के लिये आवास को सरकार द्वारा अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है । आने वाले समय में गंभीर नदी और खेतों में नर्मदा का पानी लाया जायेगा। गरीब के जीवन में उन्नती लाने के लिए सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
मंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर कहा कि उज्जैन में शीघ्र ही बहुत सारे उद्योग और कारखाने प्रारंभ होने वाले हैं। इससे नई पीढ़ी को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। सरकार द्वारा युवाओं को प्रशिक्षण भी दिलवाया जायेगा। ग्रामीणजन शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ लें। लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत कोई भी पात्र महिला योजना का लाभ लेने से वंचित ना रहे। मंत्री डॉ. यादव न कहा कि आगामी 29 और 30 मई को क्षिप्रा परिक्रमा यात्रा का आयोजन भव्य स्तर पर किया जायेगा। ग्रामीणजन अधिक से अधिक संख्या में आकर यात्रा को सफल बनायें।
अब बारिश का मौसम आने में कुछ ही समय शेष है यदि ये निर्माण कार्य पूरी क्षमता से नियत समयावधि में पूर्ण होते हैं, तभी आम जनता को इसका लाभ मिल पायेगा | स्मार्ट सिटी योजना के तहत पूरे उज्जैन में टाटा कंपनी द्वारा सीवरेज लाइन का काम चल रहा है | इसी कारण पूरे शहर की सड़कें खुदी हुई हैं यदि बारिश के पहले इनकी मरम्मत नहीं हुई तो आम जनता को खासी परेशानी भुगतनी पड़ सकती है |