top of page

Ujjain: ससुर की हत्या करने वाले का 3 दिन बाद भी नहीं मिला सुराग


उज्जैन। पत्नी से तलाक मांगने की बात पर विवाद कर रहे पति ने अपने जीजा के साथ मिलकर ससुर की चाकू से जघन्य हत्या कर दी थी और साले की हत्या का प्रयास किया था। 3 दिन की तलाश के बाद भी वह पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका है। उसके जीजा का सुराग मिल गया है, जल्द हिरासत में होगा।


27 जून की रात माधवनगर थाना क्षेत्र के सेठीनगर चौराहा पर रहने वाली आरती रायकवार से उसका पति सुरेश रायकवार तलाक मांगने की बात पर विवाद कर रहा था। आरती के पिता अशोक रायकवार और भाई नरेन्द्र ने सुरेश का समझाने का प्रयास किया। वह मारपीट कर दोनों को हत्या की धमकी देगा। पति द्वारा पिता और भाई को धमकी देने और अपने साथ मारपीट करने की शिकायत दर्ज कराने आरती थाने पहुंच गई। पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज कर ली, लेकिन पुलिस उससे पकड़ पाती उससे पहले सुरेश अपने जीजा मानसिंह कश्यप के साथ अपने ससुराल पहुंचा और ससुर की जघन्य हत्या करने के साथ साले पर जानलेवा हमला कर भाग निकला। घटनाक्रम के बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही है। 3 दिन बाद भी उसका सुराग नहीं मिल पाया है। सुरेश शुजालपुर का रहने वाला है, जिसकी तलाश में एक टीम शुजालपुर, अम्बेडकर नगर, रामगंजमंडी और सिमरोल में दबिश मार चुकी है। सुरेश के साथ ही उसके जीजा मानसिंह कश्यप निवासी कंचनपुरा की तलाश भी जारी है, जिसका सुराग मिल चुका है। वह जल्द पुलिस की हिरासत में होगा।

—————

सुरेश पर दर्ज है 20 से अधिक अपराध

—————

ससुर की हत्या करने वाले सुरेश रायकवार पर शुजालपुर में 20 से अधिक अपराध मारपीट, चाकूबाजी के दर्ज होना सामने आये है। अपराधों के चलते वह परिवार के साथ उज्जैन देवासगेट कुष्ट बस्ती में रहने आ गया था। उसकी अपराधिक प्रवृति और प्रताडऩाओं के चलते पत्नी आरती सालभर से 2 बच्चों के साथ मायके में रह रही है। पुलिस सुरेश की मां और बहन से भी पूछताछ कर उसका सुराग तलाशने का प्रयास कर रही है।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page