
उज्जैन। इंगोरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम चिकली में 15 दिन के अंतराल में दूसरी बार बड़ी चोरी हो गई। पूर्व में हुई वारदात के आरोपियों का पुलिस अभी तक पता नहीं लगा पाई। ऊपर से बुधवार को दूसरी वारदात हो गई। इससे नाराज होकर ग्रामीणों ने हाईवे पर चक्का जाम कर दिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार इंगोरिया थाना क्षेत्र के ग्राम चिकली में रहने वाले मनोज पिता ओमप्रकाश सेठी भाग्य लक्ष्मी वस्त्रालय और टेंट हाउस संचालित करते हैं। मंगलवार की शाम दुकान बंद करने के बाद घर चले गए थे। आज बुधवार सुबह कुछ लोगों ने दुकान का शटर उचका और सामान बिखरा देख मनोज को जानकारी दी। दुकान पहुंचने पर सामने आया कि रात में चोरों ने धावा बोलकर पूरी दुकान ही साफ कर दी है। वारदात बड़ी होना सामने आई है। चोरों ने कपड़ों के साथ गल्ले में रखी नगद राशि भी चोरी की है। बड़ी चोरी होना ग्रामीणों को पता चली तो आक्रोश फैल गया। उन्होंने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। वारदात की जानकारी लगते ही एएसपी नितेश भार्गव, टीआई चंद्रिकाप्रसाद यादव मौके पर पहुंच गए थे उन्होंने चक्काजाम समाप्त कराया और बदमाशों का जल्द से जल्द सुराग लगाने की बात कही। मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि दुकान और आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे जिसके फुटेज देखने पर सामने आया कि बदमाश स्कॉर्पियो में सवार होकर आए थे। तीन से चार की संख्या में बदमाशों ने दुकान का शटर उचकाने के बाद वहां रखे कपड़े स्कॉर्पियो में भर लिए। बदमाश रेडीमेड कपड़ों के साथ कपड़ों की गठान तक चुराकर ले गए हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान के प्रयास कर रही है। मामले की पड़ताल के लिए फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट, सायबर टीम को बुलाया गया था।
इनाम घोषित फिर भी पूर्व घटना के आरोपी गिरफ्त से दूर...
हाल ही की घटना के अलावा करीब 15 दिन पहले ग्राम चिकली में ही रहने वाले दुर्गेश पाटीदार के घर में घुसकर चोर अलमारी उठा ले गए थे। जिसमें 55 लख रुपए नगदी और सोने चांदी के जेवर रखे हुए थे। इस मामले में पुलिस अभी तक आरोपियों का सुराग नहीं लगा पाई है और इसी के चलते पुलिस कप्तान भी आरोपियों का सुराग देने वालों को 5000 का इनाम देने की घोषणा कर चुके हैं। इसके बाद भी पुलिस के हाथ अभी तक खाली है। इसी आक्रोश के चलते ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया था। लेकिन पुलिस के आश्वासन के बाद चक समाप्त कर दिया था।