
22 Aug 2022
उज्जैन के नागदा की घटना
नागदा/मालवा हेराल्ड | उज्जैन के पास नागदा में सुबह 7 बजे नागदा- उन्हेल मार्ग पर भीषण हादसा हो गया। स्कूली बच्चों से भरी ट्रैक्स तूफान गाड़ी को ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में 4 बच्चों की मौत हो गई और 11 बच्चे गंभीर घायल हैं। एम्बुलेंस नहीं मिलने के कारण घायलों को बस में नीचे लेटाकर अस्पताल पहुंचाया गया। ट्रैक्स में सवार 12 बच्चे नागदा के फातिमा कॉन्वेंट स्कूल के थे।
कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि एक्सीडेंट के दौरान ट्रैक्स में 15 बच्चे सवार थे। ये सभी बच्चे तीसरी से सातवीं क्लास के हैं, जिनकी उम्र 6 से 15 साल के बीच है। घायलों का इलाज उज्जैन के ऑर्थो, संजीवनी, इंदौर के बॉम्बे हॉस्पिटल और नागदा में चल रहा है।
उज्जैन एसपी सत्येंद्र शुक्ल ने बताया कि जिस वाहन में बच्चे बैठे थे वो उन्हेल और आसपास के बच्चों के लेकर फातिमा कान्वेंट और एगोशदीप स्कूल के लिए निकला था। कुल 15 बच्चे तूफान गाड़ी में सवार थे। रास्ते में झिरनिया के पास नागदा की ओर से आ रहे ट्रक और बच्चों से भरे ट्रैक्स वाहन की आमने-सामने की टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तूफान वाहन पूरी तरह से पिचककर पलट गया। हादसे के बाद बच्चों में चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने ट्रैक्स को रस्सी से खींचकर सीधा किया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया के माध्यम से घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त की |