top of page

Ujjain News: हिरासत में आए खेतों में लगी पानी मोटर चोरी करने वाले बदमाश

उज्जैन। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों से पानी की मोटर चोरी करने वाली बागरी गैंग रविवार को पुलिस की हिरासत में आ गई। गैंग के सात सदस्यों से 2 लाख का माल बरामद किया गया है। गैंग के चार सदस्य फरार है, जिनकी तलाश की जा रही है।


खाचरौद थाना प्रभारी नरेन्द्रसिंह परिहार ने बताया कि 24 अगस्त की रात ग्राम छोटा चिरोला में महेश पाटीदार के खेत से अज्ञात बदमाशों ने कुएं में लगी पानी की मोटर और 50 फीट केबल चोरी कर ली थी। उससे पहले 7 अगस्त को बदमाश जगदीश पाटीदार के खेत से भी पानी की मोटर और 400 फीट केबल चुराकर ले गये थे। ग्रामीण क्षेत्र के खेतों में लगातार हो रही वारदातों के चलते एएसपी नितेश भार्गव, एसडीओपी पुष्पा प्रजापति के निर्देशन में एक टीम बदमाशों की धरपकड़ के लिये बनाई गई। इस दौरान कुछ संदिग्धों के वारदात में शामिल होने की सूचना मिलने पर हिरासत में लिया गया और पूछताछ शुरू की गई। वारदात में बागरी गैंग का हाथ होना सामने आया। जिसके चलते ग्राम खामरिया के रहने वाले जितेन्द्र बागरी 19 वर्ष, भारत बागरी 28 वर्ष, फूलसिंह बागरी 19 वर्ष, राकेश बागरी 20 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। जिन्होने पूछताछ में बताया कि उन्होने 24 अगस्त को मोटर चुराने की वारदात को अंजाम दिया है। अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ करने पर उन्होने कबूल किया कि 7 अगस्त को पानी की मोटर के साथ 400 फीट केबल चोरी करने की वारदात  गैंग के साथी मनोहर बागरी 22 वर्ष, निर्भयसिंह बागरी 22 वर्ष और गोपाल बागरी 22 वर्ष ने की थी। टीम ने तीनों को हिरासत में लेकर गैंग के सातों सदस्यों की निशानदेही पर 2 पानी की मोटर, 50 फीट केबल और वारदात में प्रयुक्त 2 बाइक बरामद की गई है। जिसकी कीमत 2 लाख रूपये होना सामने आई है। थाना प्रभारी परिहार ने के अनुसार बागरी गैंग के चार सदस्य फरार है। जिनकी तलाश की जा रही है। 

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page