top of page

Ujjain News : श्रद्धालुओं ने श्री महाकालेश्वर मंदिर की ऑनलाइन आरती बुकिंग व्यवस्था को सराहा

उज्जैन। श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में संध्या एवं शयन आरती की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था के सफल शुभारंभ के पश्चात प्रथम ऑनलाइन बुकिंग से आयोजित संध्या आरती शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।


ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से संपन्न इस आरती में श्रद्धालुओं की उपस्थिति व्यवस्थित रही तथा प्रवेश, बैठक व्यवस्था एवं दर्शन प्रक्रिया पूर्व निर्धारित समयानुसार संचालित की गई। ऑनलाइन प्रणाली के कारण कतार व्यवस्था सुचारू रही। साथ ही आरती में शामिल हुए श्रद्धालुओं ने इस नई व्यवस्था को भी सराहते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। कई श्रद्धालुओं ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग से उन्हें संध्या और शयन आरती में शामिल होने के लिए पूर्व योजना बनाने में सुविधा होगी, साथ ही इस नई व्यवस्था से इन आरतियों में भी स्थान सुनिश्चित रह पाएगा और प्रतीक्षा से भी राहत मिलेगी। कुछ श्रद्धालुओं ने इसे “पारदर्शी और सरल व्यवस्था” बताते हुए कहा कि इससे व्यवस्था में स्पष्टता आई है।


साथ ही, निशुल्क आरती दर्शन लाभ प्राप्त करने वाले श्रद्धालुओं का फीडबैक भी अत्यंत सकारात्मक रहा। उन्होंने व्यवस्था की सुगमता, समयबद्ध संचालन एवं शांतिपूर्ण वातावरण की प्रशंसा करते हुए कहा कि नई प्रणाली से सभी श्रद्धालुओं को समान रूप से लाभ मिल रहा है।


मंदिर प्रबंध समिति ने बताया कि डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से श्रद्धालुओं को अधिक सुविधा प्रदान करने तथा भीड़ प्रबंधन को सुव्यवस्थित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। समिति द्वारा निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि आगामी आरतियाँ भी इसी प्रकार सफलतापूर्वक संपन्न हों।


मंदिर प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहभागिता एवं सकारात्मक प्रतिक्रिया से इस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page