
24 Jul 2023
होमगार्ड जवानों से की अभद्रता, दो के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
उज्जैन। शिप्रा नदी में नहाने पहुंचे दो युवकों को होमगार्ड सैनिकों ने पानी अधिक और गहराई होने का हवाला दिया तो युवकों ने होमगार्ड जवानों से अभद्रता शुरू कर दी। विवाद देख प्रधान आरक्षक समझाने पहुंचा तो एक ने हाथ पर काट लिया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया है और प्रतिबंधात्मक धारा में कार्रवाई की है।
लगातार हो रही बारिश के चलते शिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है शुक्रवार से ही श्रद्धालुओं को नाहन से रोका जा रहा है। रविवार को जलस्तर कम होने पर श्रद्धालु नहान के लिए पहुंचने लगे थे। जिन्हें होमगार्ड और एनडीईआरएफ के जवान गहराई में जाने से रोक रहे थे। सभी को रामघाट पर ही रोका जा रहा था। दोपहर में इंदौर से दो युवक और एक महिला रामघाट पहुंचे थे। तीनों स्नान के लिए आरती द्वार के समीप चले गए जहां पानी अधिक था। घाट पर पेट्रोलिंग कर रहे होमगार्ड के जवान विजय दाहिमा और रोहित मालवीय ने तीनों को रोका और आगे गहराई अधिक होने की जानकारी देकर वापस लौटने को कहा जिस पर दोनों युवकों ने होमगार्ड जवानों से अभद्रता शुरू कर दी। जवानों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो हाथापाई पर उतर आए इसी दौरान घाट पर ड्यूटी कर रहे महाकाल थाने के प्रधान आरक्षक मोहन सिंह परमार ने विवाद होता देखा तो नहान के लिए पहुंचे युवकों को समझाने पहुंचे इस दौरान दोनों ने प्रधान आरक्षक के साथ झूमाझटकी शुरु कर दी। यह देख होमगार्ड के अन्य जवान भी बीच बचाव के लिए दौड़ पड़े युवकों ने प्रधान आरक्षक के हाथ पर काटा और भागने की कोशिश करने लगे जिन्हें पकड़ा गया और महाकाल थाने लाया गया इस दौरान दोनों युवकों के साथ महिला द्वारा भी प्रधान आरक्षक और होमगार्ड जवानों से विवाद किया जाने लगा। दोनों को थाने लाने पर पुलिस में मामले में प्रतिबंधात्मक धारा का प्रकरण दर्ज किया है। दोनों युवक महेश पिता भैया राम और गंगाराम पिता राम जी निवासी कुशवाह नगर इंदौर होना सामने आया। दोपहर में दोनों को एसडीएम कोर्ट में प्रस्तुत किया गया।