top of page

Ujjain News: कांग्रेस की सरकार बनी तो पहली कैबिनेट बैठक उज्जैन में होगी

उज्जैन। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सोमवार दोपहर उज्जैन आये। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि मैंने आज बाबा महाकाल के दरबार में अर्जी लगाई है कि प्रदेश को भ्रष्टाचार की जननी सरकार से मुक्ति दिलाए। आपने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर पहली कैबिनेट की बैठक महाकाल में होगी। सीएम शिवराज केवल घोषणा करने और झूठ बोलने में लगे हुए हैं।


मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सोमवार को उज्जैन आए और भगवान महाकालेश्वर के दर्शन कर पालकी का पूजन किया । इस दौरान उन्होंने मीडिया के साथ बातचीत में भाजपा सरकार को घोटाले की सरकार बताते हुए कहा कि आज रोजाना बड़े-बड़े घोटाले उजागर हो रहे है। जिसके चलते हर वर्ग परेशान हैं और मुख्यमंत्री घोषणा और झूठ बोलने में लगे हुए हैं । कमलनाथ ने कहा कि 50 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार में ऊपर से लेकर नीचे तक भ्रष्टाचार की व्यवस्था बनी हुई है। इसके चलते सरकार रोजाना करोड़ों रुपए के टेंडर और ठेके दे रही है ताकि कमीशन मिल सके। सरकार के सारे मंत्री 4 महीने में जितना माल बटोर सके बटोरने में लगे हुए हैं। आपने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही सरकार को युवा, संविदा कर्मी , किसान और लाडली बहनों की याद आ रही हैं और मुख्यमंत्री इन्हें गुमराह करने में लगे हुए हैं। लेकिन जनता सब समझ चुकी है और सरकार को सबक सिखाने का मन बना चुकी हैं।


चांदी द्वार पर कांग्रेसियों की लगी भीड़...


मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पालकी पूजन से पहले भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किए। इस दौरान कई कांग्रेस नेता भी महाकालेश्वर मंदिर में पहुंच गए थे और उनमें मंदिर के अंदर जाने की तथा कमलनाथ के नजदीक दिखने की होड़ नजर आ रही थी। व्यवस्थाओं के चलते अधिकारियों ने सभी को चांदी द्वारा के पास रोक लिया था। इस दौरान कुछ कांग्रेसी नेताओं ने अधिकारियों के साथ बहस भी की। दर्शन के बाद कमलनाथ मा निर्वाणी अखाड़े के महंत विनीत गिरी महाराज से भी मिले। पालकी पूजन करने के बाद कमलनाथ महाकाल लोक से होते हुए मंदिर क्षेत्र से बाहर आए और फिर भोपाल के लिए रवाना हो गए। आगमन के दौरान कमलनाथ का इंदौर रोड पर कांग्रेसियों ने जगह-जगह मंच लगाकर स्वागत किया था।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page