top of page

Ujjain News : एसआईआर सर्वे में जिले के 1 लाख 19 हजार मतदाताओं के नाम कटे

उज्जैन। चुनाव आयोग जो अभी मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर करवा रहा है उससे उज्जैन जिले की सभी 7 विधानसभा सीटों पर 1 लाख 19 हजार 235 मतदाता घट गए हैं। इतनी बड़ी संख्या में पहली बार मतदाता कम हुए हैं, जिसका नुकसान सत्ता पक्ष यानी भाजपा को ही फिलहाल नजर आ रहा है, क्योंकि जहां प्रदेश में उसकी सरकार बनी, तो उज्जैन जिले की 5 सीटों पर भाजपा के विधायक ही जीते हैं और कई सीटें तो ऐसी है जहां पर हटाए गए मतदाताओं की संख्या जीत-हार के आंकड़े से भी ज्यादा है।


उज्जैन जिले में 1 लाख 19 हजार मतदाताओं के नाम सभी 7 विधानसभा सीटों पर कम हुए हैं। इनमें मृतक मतदाताओं के अलावा स्थानांतरित, अनुपस्थित या अन्य श्रेणी के मतदाता हैं। चूंकि यह पहला मौका है जब मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर आयोग ने करवाया, जिसके चलते एक-एक मतदाता की गहन जांच पड़ताल बीएलओ द्वारा की गई और सभी से दस्तावेज भी मांगे गए। वैसे तो हर साल मतदाता सूची का पुनरीक्षण होता है, मगर कभी भी इतनी बड़ी संख्या में नाम एक


साथ नहीं कटते हैं। 27 अक्टूबर 2025 को आयोग ने एसआईआर सर्वे क लिए उज्जैन जिले की मतदाता सूची को फ्रिज करवा दिया था और उस वक्त 15 लाख 96 हजार 103 मतदाता बताए गए थे। इसके बाद सर्वे शुरू हुआ, जो अभी 14 फरवरी तक चला और उसके बाद विधानसभावार मतदाताओं की जो संख्या सामने आई उससे पता चला कि वर्तमान में अब 14 लाख 76 हजार 868 मतदाता हो गए हैं। जिले में अनुपस्थित, स्थानांतरित तथा मृत श्रेणी के मतदाताओं की संख्या 1 लाख 19 हजार 235 बताई गई। वहीं कई


मतदाता अपात्र घोषित किए गए। यानी वे किसी तरह के दस्तावेज अपनी नागरिकता या मतदाता होने के उपलब्ध नहीं करा पाए और इन्हीं लोगों की खोज के लिए आयोग ने एसआईआर करवाया। ऐसे अपात्र मतदाताओं की खोजबीन करने के चक्कर में जिले में 1 लाख 19 हजार मतदाताओं के नाम कट गए और राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि यह खुद भाजपा के लिए ही नुकसानदायक साबित हुआ, क्योंकि अभी सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा के विधायक ही काबिज हैं और उनके क्षेत्रों में बड़ी संख्या में मतदाता कम हो गए हैं।


हालांकि मतदाता सूची 21 फरवरी को जारी होगी लेकिन एसआईआर के बाद बनी प्रारंभिक सूची के अनुसार नागदा-खाचरौद में 2 लाख 16 हजार 427, महिदपुर में 2 लाख 10 हजार 559, तराना में 1 लाख 80 हजार 846, घटिया में 2 लाख 18 हजार 984, उज्जैन उत्तर में 2 लाख 6 हजार 859, उज्जैन दक्षिण में 2 लाख 40 हजार 638, बड़नगर में 2 लाख 2 हजार 445 मतदाता रहे हैं। इस प्रकार उज्जैन जिले में एसआईआर के बाद सातों विधानसभा में 14 लाख 76 हजार 668 मतदाता हैं।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page