
उज्जैन| विगत 17 जून को परमधाम आश्रम के महंत बोधानंद को उसी क्षेत्र में रहने वाले ममता खराड़ी और उसके बेटे अंकित खराड़ी ने रास्ते में घसीट कर मारा था| इस मामले का विडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हुआ था| महाकाल थाना पुलिस ने इस मामले में माँ बेटे दोनों को आरोपी बनाया था| आज इस मामले में उक्त घटना के चश्मदीद गवाह को पीटने की घटना सामने आई है|
महाकाल थाना के अंतर्गत कहारवाड़ी इलाक़े में खराड़ी परिवार का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा| थाने से महज 200 से 300 मीटर दूरी होने के बावजूद इन्हें कानून व्यवस्था का कोई भय नहीं है| खराड़ी परिवार संत से मारपीट मामले में पिछले कुछ दिनों से राजकुमार पिता गोपाल कसेरा पर गवाही नहीं देने का दबाव बना रहा था| इसी संदर्भ में आज आरोपियों ने राजकुमार पर हमला कर दिया। उस समय राजकुमार अपनी बच्ची को स्कूल से लेकर घर लौट रहा था| घटना बक्शी बाजार के पास की बताई जा रही है|
अचानक हुए हमले में राजकुमार को सिर में चोट लगी है| राजकुमार ने महाकाल थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है।