
उज्जैन| केंद्रीय जेल भेरूगढ़ से घर लौट रहे जेल प्रहरी पर शुक्रवार शनिवार रात 12 बजे दो बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। प्रहरी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की धर पकड़ के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
भैरवगढ़ थाना पुलिस ने बताया कि मंगल पिता हरि लाल 54 वर्ष केंद्रीय जेल भेरूगढ़ में जेल प्रहरी है। रात 12 बजे ड्यूटी खत्म होने पर सिद्धवट मार्ग पर स्थित अपने घर लौट रहा था। जेल की दीवार के समीप बनी दरगाह के पास एक्टिवा से आए दो बदमाशों ने उसे रोका और बहुत तेज चलने की बात कहते हुए चाकू से हमला कर दिया। बदमाश जेल प्रहरी को चेहरे पर चाकू मार कर एक्टिवा से भागे हैं। घायल प्रहरी को जेल चौकी पर ड्यूटी कर रहे एक अन्य प्रहरी ने घायल हालत में देखा तो उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। मामले की जानकारी लगने पर भेरूगढ़ पुलिस ने घायल की शिकायत पर अज्ञात दो एक्टिवा सवार बदमाशों के खिलाफ चाकू मारने का प्रकरण दर्ज किया है। शनिवार सुबह क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरा के फुटेज खंगाल गए हैं जिसके आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है संभावना है कि जल्द ही बदमाश गिरफ्त में होंगे।