
30 Jul 2023
प्रदर्शन के दौरान कहा था-महाकाल की सवारी निकाल कर दिखाएं
उज्जैन। ‘महाकाल की सवारी निकाल कर दिखाएं’ जैसे धमकी देने वाले मुस्लिम युवक को रविवार सुबह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को दोपहर में कोर्ट में पेश किया गया और उसे जेल भेज दिया गया।
प्रदर्शन के दौरान दी थी मुस्लिम युवक ने धमकी
मुस्लिम युवती के साथ छेड़छाड़ और मारपीट के विरोध में मुस्लिम समाज द्वारा शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम में प्रदर्शन किया जा रहा था। इस दौरान एक मुस्लिम युवक शोएब द्वारा यह धमकी दी गई थी कि महाकाल की सवारी निकाल कर दिखाओ…। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो जाने के बाद शाम को हिंदूवादी संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर जमकर प्रदर्शन करते हुए उक्त युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उसे तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की थी।
दोपहर में कोर्ट में पेश किया, जेल भेजा
माधव नगर पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ सांप्रदायिकता भड़काने और माहौल खराब करने का मामला दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर युवक की शिनाख्त कर रात को ही घेराबंदी करते हुए उसे नागझिरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। माधव नगर थाना प्रभारी मनीष लोधा ने बताया कि पकड़े गए युवक से पूछताछ के बाद रविवार को दोपहर में उसे कोर्ट में पेश किया गया। जहां से न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया।