top of page

Ujjain News: भैरवगढ़ जेल में प्रहरी कर रहे थे कैदियों को तंबाकू की सप्लाई

उज्‍जैन। केंद्रीय भैरवगढ़ जेल से एक बार फिर नशीले पदार्थों की सप्लाई का मामला सामने आया है। जिसमें इस बार भी नशे का कारोबार करने वाले जेल के प्रहरी ही निकले हैं। भैरवगढ़ जेल में चैकिंग के दौरान कैदियों के बैरक से तंबाकू के पैकेट मिले हैं। जेल अधीक्षक ने मामले में 2 प्रहरियों को सस्पेंड किया है।


उल्लेखनीय है कि केंद्रीय जेल भैरवगढ़ में पूर्व में भी प्रहरियों के पास तंबाकू और मादक पदार्थ मिलना सामने आ चुका है, जो बंदियों तक पहुंचाने का काम कर रहे थे। इसके बाद एक बार फिर 3 जुलाई गुरुवार को जेल अधीक्षक मनोज साहू द्वारा जेल में चैकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान उन्हे 2 बैरक में बंदियों के पास से तंबाकू के पैकेट मिले। जेल में तंबाकू के पैकेट पहुंचने का पता लगाने के लिये जेलर द्वारा सीसीटीवी कैमरे देखे गये। जिसमें सामने आया कि रात में जेल प्रहरी परमवीरसिंह और गोविंद परमार की ड्युटी थी। दोनों ने रात में बाहर से तंबाकू के पैकेट किसी व्यक्ति से जेल के अंदर फिकवाए थे। जिसके बाद दोनों उन्हें बैरक तक पहुंचाए है। चैकिंग में करीब 100 पुडिय़ा तंबाकू की मिली है। इसके बाद जेल अधीक्षक श्री साहू ने दोनों प्रहरियों को तुरंत सस्पेंड कर दिया।


पहले टोपी और मोजे में ले जाते पकड़ाये थे जेल कर्मी....


भैरवगढ़ जेल कर्मियों द्वारा जेल के अंदर मादक और नशीले पदार्थ पहुंचाने का यह पहला मामला नहीं है।कुछ माह पूर्व भी एक प्रहरी को मोजे और टोपी में छुपाकर तंबाकू के पैकेट जेल में ले जाते पकड़ा गया था, उसके साथ 2 अन्य जेल कर्मियों की भूमिका भी संदिग्ध होना सामने आई थी। इससे पहले भी जेल में प्रहरी मादक पदार्थ, तंबाकू और मोबाइल में बंदियों तक पहुंचते सामने आ चुके है। जिनके खिलाफ कार्रवाई के साथ विभागीय जांच अब भी चल रही है। इसके अलावा कैदियों को पहुंचाए जाने वाले सामान में भी इस तरह के खेल जेल कर्मियों द्वारा किए जाते रहे हैं।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page