
5 Jul 2023
पाँच में से चार बदमाश इंदौर के
उज्जैन। हथियारों से लैस बदमाश रविवार-सोमवार रात पेट्रोल पम्प पर डकैती डालने की फिराक में पहुंचे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर पांच बदमाशों को हिरासत में लिया। जिसमें दुष्कर्म का आरोपी भी शामिल होना सामने आया है। बदमाशों के पास से घातक हथियार बरामद किये गये है।
घट्टिया थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान ने बताया कि रात ढाई बजे के लगभग जैथल टेक के समीप सड़क किनारे कच्चे रास्ते पर हथियारों से लैस कुछ बदमाशों के छुपे होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच घेराबंदी की और पांच बदमाशों को हिरासत में लिया गया। मौके से बदमाशों की 2 बाइक, एक देशी कट्टा पिस्टल, 6 कारतूस, चाकू, पाइप और मिर्ची पाउडर बरामद किया गया। पांचों को थाने लाकर पूछताछ की गई। बदमाशों ने कबूल किया कि जैथल टेक पर बने पेट्रोल पम्प पर डकैती डालने की फिराक में थे। पुलिस के अनुसार हिरासत में आये बदमाश अनिल ठाकुर धाररोड इंदौर, मोहम्मद अब्दुल महू रोड़ इंदौर, राहुल जैन इंदौर हाल मुकाम ग्राम बबोरा, धु्रव पचौरी सोनपुर सागर और आकाश चौहान द्वारकापुरी इंदौर होना सामने आये है। सभी के खिलाफ डकैती की योजना बनाने और अवैध हथियार रखने का मामला दर्ज किया। सोमवार दोपहर सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।