
उज्जैन। महाकाल लोक के बाहर शुक्रवार को चाकूबाजी करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दो की तलाश की जा रही है। गिरफ्त में आए 2 बदमाशों का शनिवार दोपहर पुलिस ने जुलूस निकाला और न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेजा गया है।
त्रिवेणी संग्रहालय के पास अरूण पिता रायसिंह 20 वर्ष निवासी जयसिंहपुरा भक्ति भंडार की दुकान लगाता है। जिसके परिवार को क्षेत्र में रहने वाले संजय भाट के परिवार से पुराना विवाद चला आ रहा है। शुक्रवार को दोनों में दुकान लगाने की बात पर विवाद हो गया। दोनों के परिवार भी मौके पर आ गये और भाट परिवार ने चाकू, पत्थर, रॉड, डंडे से अरुण माली और सोहन माली पर हमला कर दिया था। महाकाल थाना पुलिस ने दोनों घायलों की शिकायत पर संजय भाट, कुणाल भाट, भीम भाट, गोलू भाट के खिलाफ चाकूबाजी का प्रकरण दर्ज किया था। हमला करने के बाद चारों भाग निकले थे दिल की सरगर्मी से तलाश शुरू की गई थी देर रात पुलिस ने संजय भाट और गोलू भाट को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार दोपहर दोनों को पुलिस महाकाल लोक क्षेत्र में लेकर पहुंची जहां उन्होंने चाकूबाजी कर दहशत फैलाई थी। इंटरप्रिटेशन मार्ग से जयसिंह पुरा तक बदमाशों का जुलूस निकाला गया। जहां से न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है। उप निरीक्षक अनिल ठाकुर ने बताया कि मामले में दो आरोपी फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है, जल्द उन्हें भी गिरफ्तार कर चाकू बरामद किया जाएगा।