
उज्जैन। भिक्षावृति करने वाली 2 महिलाओं के साथ हरसिद्धी मंदिर के बाहर दुकान लगाने वाले 2 युवको ने लाठियों से बुरी तरह मारपीट की। दोनों महिलाएं घायल हुई है। पुलिस ने दोनों युवको को हिरासत में लेकर मारपीट का प्रकरण दर्ज किया है।

महाकाल थाना पुलिस ने बताया कि हरसिद्धी मंदिर के बाहर भिक्षावृति करने वाले लता पति दीपू और काली के साथ मंदिर के बाहर ही फूल प्रसादी की दुकान लगाने वाले 2 युवको ने डंडे से बुरी तरह मारपीट की। महिलाओं के साथ उनके बच्चे भी थे। इस घटना का कुछ लोगों ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल महिलाओं को जिला अस्पताल पहुंचाया गया और वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों युवक विरेन्द्र निवासी नृसिंहघाट और जितेन्द्र जयसिंहपुरा को हिरासत में लिया गया। दोनों मंदिर के बाहर फूल प्रसादी की दुकान लगाते है। महिलाएं मंदिर के आसपास फूटपाथ पर रहती है। हिरासत में आये युवको का कहना था कि महिलाएं आए दिन दुकान के सामने लोगों को परेशान करती है। वहीं दुकान के सामने आने वाले ग्राहको से जबरदस्ती पैसे मांगती है। कई बार दुकान के सामने से हटने के लिये कहा, लेकिन उनके द्वारा दुकानदारों से ही अभद्रता की जाती है। टीआई मुनेन्द्र गौतम ने बताया कि हिरासत में लिये गये दोनों युवको के खिलाफ महिलाओं के साथ मारपीट करने का प्रकरण दर्ज किया गया है।