
15 Sept 2022
मालवा हेराल्ड के लिए मुरलीदास बैरागी की रिपोर्ट
उन्हेल/मुरलीदास बैरागी/मालवा हेराल्ड | गुरुवार को प्रात ११:०० बजे उन्हेल बड़नगर मार्ग पर राजोटा मोड़ पर भेंस को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर चालक ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे मौके पर बाइक सवार महिला एवं बच्चे की मृत्यु हो गई | ट्रैक्टर चालक
मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है | दोनों मृतकों का शव विच्छेदन कर शव परिजनों को सौंप दिया गया | जांच अधिकारी सुखसेन हरियाम ने बताया कि अशोक पिता प्रकाश मकवाना २५ वर्ष निवासी बोदिया थाना चिंतामन उज्जैन बाइक क्रमांक MP १३MF३०१५ से अपने रिश्तेदार के यहां परिवार के साथ जा रहा था, तभी उन्हेल बड़नगर मार्ग पर स्थित राजोटा मोड़ पर भेंस को बचाने के चक्कर में बाइक का बैलेंस बिगड़ गया | वह संभल पाता तभी पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी जिससे वह गिर गया | अशोक की बहन रेखा बाई ३६ वर्ष तथा डेढ़ वर्षीय पुत्री वंशिका के ऊपर से ट्रैक्टर गुजर गया, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई | वही बाइक चालक अशोक तथा उसकी पत्नी राधाबाई २३ वर्ष घायल हो गए, जिनका उपचार उन्हेल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है | अशोक को मामूली चोट होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि पत्नी रेखा बाई का इलाज चल रहा है | इस घटना से लोगों में सड़क पर घूम रहे मवेशी मालिकों के खिलाफ आक्रोश है | पशुपालक अपने मवेशी सड़क पर छोड़ देते हैं, जिससे आए दिन इस तरह की घटना हो रही है | प्रशासन को चाहिए कि वह मवेशी मालिकों के साथ ट्रैक्टर चालक तथा बाइक सवार जो कि ४ लोगों को लेकर जा रहा था, उसके खिलाफ भी प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई करे | प्रशासन की सख्ती से ही इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता है वर्ना इस प्रकार की घटनाएं आए दिन होती ही रहेगी |