
उज्जैन के प्रसिद्ध कालभैरव मंदिर के आसपास की दुकानों पर पिछले कुछ समय से मिलावटी लड्डू प्रसाद बिकने की शिकायत लगातार जिला प्रशासन को मिल रही थी। आज जिला कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम के आदेश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की एक टीम मौक़े पर पहुँची। खाद्य विभाग के दल ने कालभैरव मंदिर के आसपास की दुकानों से प्रसाद के रूप में बिकने वाले लड्डू के सैंपल लिये।
खाद्य विभाग के अमले द्वारा पूछताछ करने पर यह जानकारी सामने आई कि प्रसाद का लड्डू टोड़ी मोहल्ला भैरूगढ़ निवासी योगेश मालवीय सप्लाय करता है। सूचना मिलने पर टीम योगेश के पते पर पहुँची और वहाँ पाया कि निर्माण स्थल पर फ़ूड लायसेंस की शर्तों का पालन नहीं किया जा रहा है। दल ने बेसन लड्डू एवं वनस्पति के नमूनें जांच के लिये संग्रहित किये। प्राप्त सैंपलों को राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है, वहाँ से रिपोर्ट आने पर आगे की कार्यवाही निश्चित की जाएगी।