top of page

दिनभर 41 डिग्री की तपन के बाद मौसम ने बदला मिजाज

8 May 2024

20 मिनट तक तेज हवा के साथ हुई बारिश, आसमान में काले बादलों का डेरा

उज्जैन। मई माह की शुरुआत होने के बाद से ही तापमान में लगातार तेजी आ रही है। बुधवार को दिन भर की तपन के बीच तापमान 42 डिग्री के करीब पहुंच गया था लेकिन गर्मी से परेशान शहर वासियों को शाम 4 बजे बाद राहत मिल गई मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल चुका था। तेज हवा के साथ बारिश और आसमान में काले बादलों के छाने से मानसून की दस्तक का एहसास हो गया था।

पिछले दिनों सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ से मौसम में बदलाव आने का संकेत मौसम विभाग द्वारा जारी कर दिया गया था। जो बिल्कुल सटीक साबित हुआ है। शहर में दो दिनों से तापमान 42 डिग्री के आसपास दर्ज हो रहा था। मंगलवार को 43 डिग्री के करीब पहुंच गया था। मंगलवार बुधवार रात का तापमान भी सीजन का सबसे अधिक रहा और 28.7 डिग्री दर्ज हुआ। बुधवार की सुबह से ही काफी तेज गर्मी महसूस होने लगी थी। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा दिखाई देने लगा था गर्मी से लोगों का बुरा हाल था कूलर पंखे की रफ्तार भी दम तोड़ती दिखाई दे रही थी। सिर्फ एसी का सहारा ही राहत दे पा रहा था। तभी शाम 4:00 बजे बाद आसमान में काले बादलों ने दस्तक दे दी और हवा की रफ्तार 18 से 20 किलोमीटर की हो गई। ऐसा लगा जैसे मानसून दस्तक दे चुका है। शाम 5:00 बजे के लगभग तेज बारिश शुरू हुई और मौसम में ठंड का गई। 20 मिनट में शहर पूरी तरह से भीग चुका था। जीवाजी राव वेधशाला अधीक्षक डॉक्टर राजेंद्र कुमार गुप्त ने बताया कि 30 मिनट के दौरान 4.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। बुधवार को हुई बारिश का सिलसिला शुक्रवार तक बना रह सकता है। दिन में तापमान तेजी के साथ बढ़ेगा और शाम ढलते ही बारिश दस्तक देगी। जिसकी वजह पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता है। 15 में के बाद भीषण गर्मी का दौर शुरू हो जाएगा।

कई क्षेत्रों की गुल  हुई बिजली

मौसम का मिजाज बदलते ही तेज हवा से जहां शहर में होल्डिंग बैनर पोस्टर उड़ते दिखाई देने लगे थे। वही वही धूल भरी आंधी से लोगों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया था। इस बीच कई क्षेत्रों की बिजली गुल हो गई और घरों प्रतिष्ठानों में अंधेरा छा गया। बाहर का मौसम सुहाना था लेकिन घरों में बिजली गुल होने से उमस महसूस होने लगी थी। कुछ क्षेत्रों में 30 से 45 मिनट बाद बिजली लौट आई लेकिन कुछ क्षेत्रों में बड़ा फाल्ट होने पर देर शाम तक बिजली कर्मचारी संधारण में लगे हुए थे।

लोगों के स्वास्थ्य पर पढ़ रहा असर

मार्च माह में गर्मी की शुरुआत होने के बाद से ही पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता लगातार जारी है जिसके चलते तापमान में लगातार उतार चढ़ाव बना हुआ है दिन में तेज गर्मी और रात में उमस भर माहौल होने से लोगों का स्वास्थ्य बिगड़ दिखाई दे रहा है। उल्टी दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ रही है वहीं बुजुर्ग अवस्था में होने वाली ब्लड प्रेशर शुगर से ग्रस्त मरीजों की बेचैनी भी काफी बढ़ती दिखाई दे रही है। डॉक्टर की माने तो मौसम में हो रहे बदलाव के चलते शरीर का तापमान कंट्रोल नहीं हो पा रहा है कभी मौसम में ठंडक को कभी तेज गर्मी से लोगों का स्वास्थ्य बिगड़ रहा है। ऐसे मौसम में सावधानी ही सबसे बड़ी सेहत की सुरक्षा है

bottom of page