
बदनावर | जहां सरकार गांव के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है, वही विभागीय लापरवाही एवं ठेकेदार की मिलीभगत से घटिया निर्माण धड़ल्ले से हो रहे हैं। बदनावर विधायक एवं उद्योग मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव अपने क्षेत्र की जनता के लिए दिन रात मेहनत कर विकास में लगे हुए हैं। दत्तीगांव के प्रयास से ही ग्राम पंचायत मुंगेला में 1 करोड़ 13 लाख की लागत से तालाब का निर्माण किया गया था | जल संसाधन विभाग बदनावर ने ठेकेदार जादुई श्याम मोरी को निर्माण का ठेका दिया था। निर्माण के दौरान कोई इंजीनियर उपस्थित नहीं होने से ठेकेदार ने घटिया सामग्री एवं मापदंड के विपरीत निर्माण किया। जिसके फल स्वरुप मंगलवार को भारी बारिश की वजह से तालाब की मिट्टी पूरी तरह बह गई व लाखों लीटर पानी व्यर्थ बह गया। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा लापरवाही व घटिया निर्माण की वजह से ये नुकसान हुआ है । अब ग्रामीणों को पानी की किल्लत का सामना भी करना पड़ेगा। ठेकेदार को अभी तक 35 लाख का भुगतान किया जा चुका है। जिम्मेदार अधिकारी इस भ्रष्टाचार को दबाने का प्रयास कर रहे हैं।