
उज्जैन। सांई मंदिर जा रही महिला के गले से मंगलवार सुबह बदमाश युवक ने चेन झपट ली। महिला ने पकडऩे का प्रयास किया, लेकिन भाग निकला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। बदमाश का फुटेज सामने आया है।
बंगाली कालोनी में रहने वाली गीता मंडल (45) अलखधाम में बने सांई मंदिर दर्शन करने सुबह 7.30 बजे जा रही थी। वह मंदिर में प्रवेश कर पाती उससे पहले ही एक बदमाश आया और गले से सोने की चेन झपट ली। महिला ने बदमाश को पकडऩे का प्रयास किया लेकिन धक्का देकर भाग निकला। सुबह का समय होने और पॉश कालोनी के चलते आसपास ज्यादा लोग नहीं थे। अपने साथ हुई वारदात की जानकारी महिला ने घर लौटकर परिजनों को दी और नीलगंगा थाने पहुंची। पुलिस सांई मंदिर पहुंची और आसपास लगे कैमरों के फुटेज खंगाले गये। जिसमें बदमाश पैदल भागता दिखाई दिया है। टीआई तरूण कुरील ने बताया कि मामला दर्ज कर बदमाश की तलाश की जा रही है। संभावना है कि बदमाश आसपास क्षेत्र का रहने वाला है। जिसके चलते क्षेत्र में उसकी पहचान के प्रयास किये जा रहे है।