
29 May 2023
सीएम हेल्पलाइन के प्रकरण निराकृत नहीं करने पर की कारवाही
उज्जैन.दैनिक मालवा हेराल्ड | उज्जैन कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने सीएम हेल्पलाइन पर जनता द्वारा 15 अप्रैल तक की गई शिकायतों के निराकरण के लिए 27 मई तक का समय रखा था | इस संबंध में कलेक्टर ने आज समीक्षा बैठक रखी, इसी दौरान ये पाया गया कि कृषि विभाग द्वारा शिकायतों का निराकरण नहीं किया गया है | कलेक्टर के आदेश का पालन ना करने पर उप संचालक कृषि का इस माह का वेतन आहरित नहीं करने के निर्देश कोषालय अधिकारी को दे दिये गए हैं।
मध्य प्रदेश में विगत 10 मई से मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान चल रहा है इसी क्रम में आम जनता द्वारा सीएम हेल्पलाइन पर की गई शिकायतों का निवारण जल्द से जल्द कराया जा रहा है | कलेक्टर ने लाड़ली बहना योजना के तहत रजिस्टर्ड किये गये आवेदनों को डीबीटी (डायरेक्ट बेनीफिट ट्रांसफर) से इनेबल्ड करने की भी समीक्षा की | उन्होंने अधिकारियों को कम से कम 95 प्रतिशत खातों को डीबीटी से इनेबल्ड करने की कार्यवाही आगामी दो दिनों में करने के निर्देश दिये।
उज्जैन जिले में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत कुल तीन लाख 29 हजार 823 खाते ऑनलाइन प्रविष्ट किये गये हैं। इनमें से तीन लाख दो हजार 684 खाते डीबीटी सक्रिय हो चुके हैं। यह कुल रजिस्टर्ड खातों का 93 प्रतिशत है। कलेक्टर ने शेष कार्य समय सीमा में करने के लिये कहा। आज की बैठक में अपर कलेक्टर मृणाल मीना, नगर निगम आयुक्त रोशन सिंह, जिला पंचायत सीईओ अंकिता धाकरे, एडीएम अनुकूल जैन एवं अन्य जिला अधिकारी मौजूद थे।