top of page

कलेक्टर ने जन सेवा अभियान की समीक्षा

उज्जैन | कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने आज प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जिले में जन सेवा अभियान की प्रगति की समीक्षा की। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि अभियान के तहत राजस्व विभाग के अन्तर्गत अविवादित नामांतरण और बंटवारे के प्रकरणों का शीघ्र-अतिशीघ्र निराकरण किया जाये। बैठक में विभिन्न शासकीय सेवाओं के अन्तर्गत आमजन को प्रदाय की जाने वाली सुविधाओं की तहसीलवार समीक्षा की गई। खाचरौद और तराना में प्रकरणों की स्वीकृति के कम प्रतिशत पर कलेक्टर ने इसे गति प्रदान करने के निर्देश दिये।


बैठक में सामान्य प्रशासन, नगरीय विकास एवं आवास, श्रम, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा विभिन्न विभागों के अन्तर्गत प्रदाय की जाने वाली हितग्राहीमूलक सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर ने नोडल अधिकारियों से पूछा कि जन सेवा अभियान के अन्तर्गत लगाये जा रहे शिविरों में लोग आ रहे हैं अथवा नहीं। इस पर बताया गया कि पर्याप्त संख्या में लोग आ रहे हैं।


कलेक्टर ने कहा कि शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक संख्या में हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय सेवाओं के अन्तर्गत लाभान्वित करना हमारा लक्ष्य है। सभी लम्बित प्रकरणों का निराकरण तेज गति से किया जाये। शिविर के लिये निर्धारित की गई तिथियां सम्बन्धित क्षेत्रों में दीवार पर लिखवाई जायें। डीबीटी की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि जिन बैंकों में डीबीटी के प्रकरण लम्बित हैं, उनकी आगामी सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस ली जाये तथा प्रकरणों का शीघ्र-अतिशीघ्र निराकरण करवाया जाये। कलेक्टर द्वारा सीएम हेल्पलाइन के अन्तर्गत लम्बित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।


बैठक में एडीएम अनुकूल जैन, अपर कलेक्टर मृणाल मीना, नगर निगम आयुक्त रोशन कुमार सिंह, सीईओ जिला पंचायत अंकिता धाकरे एवं समस्त एसडीएम, सीईओ जनपद पंचायत तथा विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page