
3 Jul 2023
चार हिरासत में तीन की तलाश जारी
उज्जैन। भाजपा के पूर्व मंत्री के पैत्रक मकान में हुई चोरी की वारदात को पारदियों की अंतरराज्यीय गैंग ने अंजाम दिया था। 52 दिन बाद पुलिस की हिरासत में गैंग के चार सदस्य आए हैं। जिनसे चोरी का आधा माल बरामद कर लिया गया है। वारदात में शामिल 3 फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश भूरिया ने बताया कि 10-11 मई की रात नरवर थाना क्षेत्र के ग्राम हरनावदा में रहने वाले नितेश पंड्या के मकान में पीछे के रास्ते से अज्ञात बदमाशों ने सेंध लगाकर 17 लाख से अधिक की नगदी, 12 बोर की बंदूक, चांदी के सिक्के, नारियल और मूर्ति चोरी कर लिया था। नरवर पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज किया था। वारदात स्थल पर एसपी सचिन शर्मा पहुंचे थे। बदमाशों को पकड़ने के लिए इनाम घोषित किया गया था, नरवर थाना पुलिस के साथ साइबर और क्राइम टीम को सुराग तलाशने के निर्देश जारी किए गए थे। 52 दिन बाद पुलिस ने देवास स्थित रेलवे स्टेशन के समीप से चार पारदी गैंग के सदस्यों को हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ में ग्राम हरनावदा में हुई चोरी का सुराग मिल गया। गैंग देवास उज्जैन और गुना की रहने वाली है जिनकी निशानदेही पर चोरी में प्रयुक्त दो हाइड्रोलिक कटर, वायर कटर, पेचकस, टॉमी के साथ चोरी की गई राशि में से 5.73 लाख रुपए नगद, 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक, चांदी के सिक्के, मूर्ति और आभूषण बरामद किए गए। हिरासत में आए पारदी गैंग के 4 सदस्यों के साथ तीन अन्य सदस्यों ने भी वारदात को अंजाम दिया था जिनकी तलाश की जा रही है। गैंग अंतरराज्यीय स्तर पर वारदातों को अंजाम देती है जिनका अपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। सोमवार दोपहर गैंग के चारों सदस्यों को न्यायालय में पेश कर 3 दिनों की रिमांड पर लिया गया है। चोरी की शेष राशि गैंग के फरार सदस्यों के गिरफ्त में आते ही बरामद की जाएगी। गौरतलब हो कि नितेश पंड्या भाजपा के पूर्व राज्य मंत्री शिवनारायण जागीरदार के पुत्र हैं और ग्राम हरनावदा में उनका पैतृक मकान बना हुआ है जहां पुत्र अपने परिवार के साथ निवास करता है।
—————
रेकी करने के बाद तोड़ी थी खिड़की
—————
हिरासत में आए पारदी गैंग के सदस्यों में सुनील पारदी देवास का रहने वाला है वही सुरेंद्र पारदी गुना का निवासी है। गैंग से जुड़ा गौतम पारदी और साहिल पारदी मक्सी रोड पवासा उज्जैन में रहते हैं। सभी आपस में रिश्तेदार हैं पूछताछ में सामने आया कि वारदात से पहले उन्होंने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर रेकी की थी उसके बाद खिड़की तोड़कर वारदात को अंजाम दिया था। चोरी की गई नगदी 17 लाख रुपए आपस में बांट लिए थे। आभूषण और हथियार भी देवास और उज्जैन में छुपा कर रखे थे।
—————
गैंग पकड़ने वाली टीम को इनाम
—————
भाजपा के पूर्व राज्य मंत्री शिवनारायण जागीरदार के पोते लाला चौकीदार ने अपने यहां हुई चोरी की वारदात में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली टीम को 25 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है। लाला चौकीदार ने पुलिस से अपील की है कि गैंग के सदस्य कुख्यात हैं जिनके मकानों को भी तोड़ा जाना चाहिए। चोरी की शेष राशि बरामद होने पर इनाम की राशि और बढ़ाई जाएगी।