top of page

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, उज्जैन को आईएसओ प्रमाण पत्र मिला

उज्जैन। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय उज्जैन ने प्रशासनिक उत्कृष्टता की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए आईएसओ (ISO) प्रमाण पत्र प्राप्त किया है। उल्लेखनीय है कि यह सम्मान पूरे देश में अहमदाबाद के बाद उज्‍जैन जिला शिक्षा कार्यालय को प्राप्त हुआ है, यह सम्‍मान प्राप्‍त करने वाला उज्‍जैन देश का दूसरा जिला है।


जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा कार्यालयीन व्यवस्था को पूर्णतः सुव्यवस्थित, आधुनिक एवं नागरिक हितैषी बनाए जाने के लिए व्यापक स्तर पर सुधार किए गए। कार्यालय के प्रत्येक कक्ष को सुसज्जित कर नामकरण किया गया। अभिलेखों का वैज्ञानिक पद्धति से संधारण किया गया तथा पुराने रिकॉर्ड को भंडार कक्ष में व्यवस्थित रूप से संरक्षित किया गया।


इसके साथ ही कार्यालय में सभाकक्ष, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) कक्ष एवं आईटी सेल का निर्माण किया गया। कार्यालय परिसर में टीन शेड की स्थापना, जिले में संचालित शैक्षणिक योजनाओं का प्रदर्शन पूरे परिसर में किया गया है तथा मुख्य द्वार को आकर्षक रूप से सुसज्जित किया गया।


कार्यालय तक आने वाले पहुंच मार्ग पर पौधारोपण कर परिसर को हरित एवं सुंदर बनाया गया। स्वच्छता के विशेष मानकों के अंतर्गत शौचालयों को पूर्णतः स्वच्छ, सुगंधित एवं उपयोगकर्ता अनुकूल बनाया गया है। साथ ही पानी की पर्याप्त व्यवस्था, प्रतिदिन सफाई, एवं शुद्ध पेयजल के लिए आरओ प्रणाली की स्थापना की गई।


उक्त सभी सुधारात्मक एवं नवाचारात्मक कार्यों के परिणामस्वरूप जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय उज्जैन को आईएसओ प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। यह प्रमाण पत्र मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ‌द्वारा सांदीपनि वि‌द्यालय, महाराजवाड़ा क्रमांक-3 के गत दिवस भ्रमण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को प्रदान किया गया।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page