
उज्जैन। बीती रात 5 बच्चों के पिता ने पत्नी की साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। घटना के पहले उसने पत्नी और बच्चों को घर से बाहर निकाल दिया था। शनिवार सुबह पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया है।
नीलगंगा थाना क्षेत्र के एकता नगर में रहने वाला राजू उर्फ राजमल पिता लालू कहार 48 वर्ष मजदूरी करता था और शराब पीने का आदी था। शुक्रवार रात वह नशे की हालत में घर पहुंचा था। उसने पत्नी से विवाद किया और 5 बच्चों के साथ घर से बाहर निकाल कर दरवाजा बंद कर लिया। पति के शराब पीने की आदतों से परेशान पत्नी बच्चों को लेकर समीप रहने वाले रिश्तेदारों के यहां चली गई। सुबह पुत्र बलराम पिता को देखने के लिए घर पहुंचा, दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक नहीं खुलने पर आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गए। पिता राजू साड़ी के फंदे से लटका हुआ था। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया। नीलगंगा थाना एसआई महेंद्र मकाश्रे ने बताया कि मामले में मर्ग कायम किया गया है। प्रथम दृष्टया नशे की हालत में पत्नी की साड़ी से फांसी लगाया जाना सामने आया है। परिवार की गंभीर होने पर बयान दर्ज नहीं किए गए। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना का सही कारण सामने आ पाएगा।