
नागदा से राजेश सकलेचा द्वारा मालवा हेराल्ड के लिए 18 /08 /2022 । हम आज ऐसे गांव की दांस्ता बयां कर रहे है जिसे पढ़कर आपका दिल और दिमाग दोनो ही हिल जायेंगे। लेख पढ़ने के पश्चात् शायद हो सकता है कि आपकी रूंह भी कांपने लग जाये। नागदा से करीबन 5 किमी दूर चंबल नदी के पास बसा गांव परमारखेड़ी जो कि पहले कई बार यह गांव सुर्खियो में रह चुका है। इस गांव में कई जनप्रतिनिधि पहुंचे पर निष्कर्ष इस गांव की आपबीती पढ़ने के बाद निकाल सकते है।
जब हम नागदा से परमारखेड़ी गांव के रास्ते पर चले तो पता चला कि सड़को की हालत ऐसी थी कि इसे बयां करना भी मुश्किल हो रहा है। जब गांव में प्रवेश किया तो हमारी मुलाकात गांव में ही रहने वाले बहादुरसिंह चौधरी एवं गोरधनसिंह चौधरी से हुई। जब इनसे शिक्षा, सड़क, पानी और बिजली के विषय में चर्चा की तो इनका कहना था कि सड़क तो आप लोग गांव में आये ही हो तो आप देख ही चुके है कि क्या नजारा है ? शिक्षा के क्षेत्र में गांव में एकमात्र स्कूल है जहां पर पढ़ने वाले बच्चो के भविष्य की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। विद्युत व्यवस्था के बारे में बताया गया कि गांव वालो के साथ बिजली कब आंख मिचौली का खेल खेलने लग जाये कोई भरोसा नहीं। गांव में लाईट रहती भी है और नहीं भी रहती है। जब पानी के मुद्दे पर आये तो गांववालो के तेवर कुछ और ही हो गये थे। पुरा गांव पानी के कारण परेशान है। इस पानी के पीने से कई परिवारों में विकलांगता की शिकायत होने के साथ शरीर में खुजली होने तथा कई अन्य बिमारियों से ग्रसित हो गये।
जब हम गांव में और अंदर की ओर गये तो एक मकान के आंगन में खाट पर तीन बच्चे जिनकी उम्र करीबन 22, 24 एवं 26 वर्ष की होगी, सोए हुए मिले। इन बच्चो की स्थिति देखकर आंखो में आंसू आ गये। इन बच्चो की स्थिति यह है कि इनका उठना, बैठना, करवट लेना भी इनके स्वयं के लिये नामुमकिन है। इनके परिवार के सदस्य कालुसिंह गुर्जर से चर्चा की तो बताया कि यह जो स्थिति आप देख रहे हो इसके लिये नदी का पानी ही मुख्य कारण है। जिनकी वजह से ये बच्चे इस स्थिति में पहुंचे है। वहीं गुर्जर ने बताया कि 500 लोगो की आबादी वाले इस गांव में करीबन 50 से 60 बड़े, बुजुर्ग, बच्चे होंगे जिन्हें नदी का पानी पीने के कारण विकलांगता का डंक झेलना पड़ रहा है।
इसी गांव के गोपालसिंह गुर्जर से अचानक मुलाकात हुई और बातो ही बातो में इन्होंने इस गांव के संदर्भ में जो चर्चा की तो वह चौकाने वाली है। उन्होने बताया कि आसपास में करीबन 14 गांव है जिनकी स्थिति ऐसी ही दयनीय है। यहां की जमीने पानी की खराबी के कारण बंजर हो चुकी है। जो कुछ जमीन बची है उस पर फसल उगाकर जैसे तैसे परिवार का लालन पालन कर रहे है। वहीं सरकार की ओर से गांव के विकलांग बच्चो को 1200 रूपये एवं बुजुर्गो को 600 रूपये पेंशन मिल रही है जो कि पर्याप्त नहीं है। वहीं बहादुरसिंह ने बताया कि कभी कभी नदी में पानी ऐसा आता है कि वह रक्त के समान लाल दिखाई देता है जिसमें झाग ही झाग देखने को मिलते है तथा पीने लायक तो बिलकुल नहीं रहता।
जाहिर है गांव की ऐसा दांस्ता पढ़कर आप भी चौक गये होंगे।