top of page

होटल और रेस्ट हाउस के नाम बदलकर यात्रियों को धोखा नहीं दे पाएंगे संचालक

उज्जैन।महाकाल मंदिर क्षेत्र की होटलों के बोर्ड पर कई संचालकों ने धार्मिक नाम रखकर यात्रियों को गुमराह कर रखा है। अब यह नहीं चलेगा क्योंकि संचालक या प्रोपराइटर का नाम बोर्ड पर जरूरी होगा। बोर्ड पर नाम गलत लिखा मिलने पर एफआईआर जैसी कार्रवाई हो सकती है।

बुधवार को यह प्रस्ताव राजस्व समिति की बैठक में रखा गया। बैठक की अध्यक्षता महापौर टटवाल द्वारा की गई। इसी सिलसिले में बुधवार को महापौर विश्रामगृह कार्यालय पर राजस्व समिति की बैठक में राजस्व बढ़ाने के मुद्दों पर मंथन किया गया। समिति अध्यक्ष रजत मेहता ने प्रस्ताव रखा कि महाकाल मंदिर क्षेत्र की सभी होटलों और गेस्ट हाउस पर प्रोपराइटर, संचालकों या मालिक के नाम के साथ मोबाइल नंबर लिखना अनिवार्य किया जाए। निगम अपने खातों से इसकी जांच भी करे ताकि गलत नाम लिखने या उल्लंघन होने पर एफआईआर दर्ज कराई जा सके। बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने की संभावना है। निगम द्वारा इसको लेकर पहले भी आदेश जारी किया जा चुका है, लेकिन उसका पालन नहीं हो सका। नगर सरकार अब इसको लेकर गंभीर हो गई है। यह व्यवस्था लागू होने से अब बाहर से आने वाले यात्री ठगे नहीं जा सकेंगे।


राजस्व समिति में एक जिम्मेदार अधिकारी का प्रस्ताव...


बैठक में बताया कि राजस्व समिति विभाग से संबंधित चार अफसर हैं। इस कारण एक फाइल पर चार अफसरों के हस्ताक्षर कराना पड़ते हैं। इस कारण विभाग की कई फाइलें पेंडिंग हो गईं हैं और लोग परेशान हो रहे। समिति प्रभारी ने विभाग के लिए एक ही अफसर को जिम्मेदार बनाने का प्रस्ताव रखा ताकि एक अफसर के हस्ताक्षर से फाइलें रुकें नहीं। इस मामले में महापौर और निगमायुक्त कोई फैसला करेंगे। बैठक में अपर आयुक्त आरएस मंडलोई सहित सुनील जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।


इस बार कार्तिक मेला पहले दिन से लगेगा...


बैठक में तय किया कि कार्तिक मेले की दुकान एमपी ऑनलाइन की टेंडर के माध्यम से दी जाएगी।इस बार का कार्तिक मेला पारदर्शिता के साथ लगाया जाएगा। मेला पहले दिन से ही अपने पूर्ण स्वरूप में लगेगा।मेला अधिकारी एवं टीम का गठन किया जाएगा। सितंबर तक दुकानों का आवंटन भी पूर्ण कर लिया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसी के भी टेंडर किए जाएंगे। बड़ी-बड़ी कंपनियों को भी कार्तिक मेले में आमंत्रित किया जाएगा। झूले भी ऑनलाइन ही आवंटित किए जाएंगे।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page