
3 Sept 2024
100 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
उज्जैन। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पिता श्री पूनमचंद यादव का मंगलवार को उज्जैन में निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ थे और उनका उज्जैन के एक निजी अस्पताल में इलाज भी चल रहा था। श्री यादव की मौत का समाचार जैसे ही प्रदेश व शहर में पहुंचा, वैसे ही चारो ओर शोक की लहर छा गई।
बताया जाता है कि श्री पूनमचंद यादव पिछले एक सप्ताह से अस्वस्थ थे और उनका फ्रीगंज स्थित अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनकी अस्वस्थता को देखते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री और उनके बेटे डॉक्टर मोहन यादव भी उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे। यही नहीं सोमवार को शाही सवारी में शामिल होने आए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और महाआर्यमन भी उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे, जहां उन्होंने बाबूजी की कुशलक्षेम पूछी थी।
स्वर्गीय श्री पूनमचंद पिता स्व.रामचंद्र जी यादव ने संघर्ष से परिवार खड़ा किया। तीन पुत्र, दो पुत्री, नाती, पोते, परनाती, प्रपोत्र से संपन्न परिवार छोड़ आज उनका देवलोक गमन हुआ।
धर्म,कर्म,तप और त्याग की प्रतिमूर्ति, सम्पूर्ण यादव परिवार के आधार स्तम्भ और जीवंत कर्म चेतना के प्रतीक, साहस और संघर्ष ही जिनके जीवन का इष्ट रहा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव को मंगलवार को मंत्रालय में केबिनेट एवं अन्य विभागीय बैठकों के दौरान जैसे ही उनके पिताजी के निधन की खबर मिली, वे तत्काल उज्जैन के लिये रवाना हो गये।
100 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
बताया जाता है कि पूनमचंद यादव ने लगभग 100 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। पिछले एक सप्ताह से उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा था, जिसके बाद से ही उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। मंगलवार रात लगभग आठ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
अंतिम यात्रा
अंतिम यात्रा 04 सितम्बर 2024 को प्रातः 11.30 बजे निज निवास गीता कॉलोनी,अब्दालपुरा, उज्जैन से प्रारंभ होगी। अंतिम संस्कार शिप्रा तट भूखीमता मंदिर के पास होगा।