
27 Jun 2023
वन विभाग एवं नगर निगम ने पक्षियों का संयुक्त रेस्क्यू आपरेशन किया
उज्जैन। मंगलवार को नानाखेड़ा सी 21 मॉल के सामने स्थित भारत पैट्रोलियम पंप संचालक की असावधानी पूर्ण कार्य से प्रवासी पक्षियों का घरोंदा (बबूल का पेड )धराशाई हो गया। इस पेड़ पर सैंकडों प्रवासी बगुले अपना घरोंदा बनाकर रह रहे थे।प्रजनन काल होने से पेड़ के घोंसलों में रखे कई अंडे भी नीचे गिरकर फूट गए।पेड़ के धराशाई होने के बावजूद पक्षी उसी पर जमे रहे। नगर निगम उज्जैन एवं वन विभाग ने रेस्क्यू करते हुए पक्षियों का संरक्षण दिया है।वृक्ष को वहीं रखा गया है।
मंगलवार सुबह के समय नानाखेड़ा सी 21 मॉल के सामने स्थित भारत पैट्रोलियम पंप संचालक अपने टैंक की खुदाई का कार्य मजदूरों से करवा रहे थे। इस टेंक के पास ही बबूल के पेड पर सैंकडों प्रवासी बगूलों ने आश्रय ले रखा था।खुदाई के कारण पास में स्थित पेड़ की जड़ें कमजोर हो गई और कुछ ही देर में पेड़ जड़ से निकलकर गिर गया। उक्त पेड़ पर अत्यधिक संख्या में बगुले पक्षियों द्वारा अपने घोसले बना रखे थे। वृक्ष के धराशाई होने और कई घोंसलों से अंडे गिरकर फूटने से बडे पक्षी कलरव कर रहे थे। सूचना मिलने पर वन विभाग की रेस्कयू टीम एवं उज्जैन नगर निगम उद्यान विभाग की टीम यहां पहुंची थी।वन विभाग के डिप्टी रेंजर मदन मौरे ने बताया कि गिरे हुए घोंसलों को उसी वृक्ष पर उपरी हिस्से में फिर से लगाया गया एवं पक्षी के छोटे बच्चों को संबंधित घोंसलों में रख दिया गया है।यह प्रवासी पक्षी यहां प्रजनन के लिए ही आते हैं। घोंसलो एवं नन्हें-नन्हें परिंदों को सुरक्षित करते हुए उनका रेस्क्यू किया गया।गिरे वृक्ष को सड़क से थोडा सा हटाकर वहीं रखा गया है।नगर निगम के सहयोग से आसपास बेरिकेडिंग कर दी गई है।करीब तीन वर्ष पूर्व भी नानाखेड़ा थाना के पास ऐसा ही वृक्ष गिरा था उस समय भी ऐसा ही किया गया था।अगले 15-20 दिनों में अंडों से पक्षी निकल आएंगे एवं सभी पक्षी उडने की स्थिति में आकर खूद ही इस स्थान को छोड़कर चले जाएंगे।हमारी टीम सतत रूप से इन्हे देखती रहेगी।
नगर निगम उपायुक्त संजेश गुप्ता ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर नगर निगम आयुक्त रौशन कुमार सिंह ने उद्यान विभाग की टीम को स्थल पर भेजा था। उघान विभाग की टीम ने भी पक्षियों के रेस्क्यू में सहयोग किया। तय किया गया है कि जब तक घोसले में से बच्चे बड़े नहीं हो जाते तब तक उक्त स्थान पर सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेड लगाकर सुरक्षा करेंगे । इसके बाद ही मुख्य मार्ग से पेड़ हटाया जाएगा । इसके लिए आसपास के रहवासियों एवं दुकानदारों का भी सहयोग लिया गया है। क्योंकि यह पक्षी सैलानी पक्षी है जो कुछ ही दिनों में यहां से अन्यत्र स्थान पर चले जाएंगे। गुप्ता के अनुसार पेट्रोल पंप संचालक को नोटिस देकर जानकारी ले रहे हैं कि किस अनुमति के तहत वह टैंक की खुदाई कर रहा था । इसके साथ ही वृक्ष धराशाई होने के मामले में जुर्माने का नोटिस भी जारी किया जा रहा है।