
उज्जैन.दैनिक मालवा हेराल्ड । पिछले हफ़्ते दैनिक मालवा हेराल्ड ने उज्जैन रेलवे स्टेशन से महज 300 मीटर दूरी पर दूधतलाई में रविवार के दिन लगने वाले साप्ताहिक हाट बाज़ार के बाद रात में सफ़ाई ना होने का मुद्दा उठाया था । उज्जैन नगर पालिक निगम ने इस ख़बर का संज्ञान लिया और इस रविवार रात 11 बजे सफ़ाईकर्मियों ने मोर्चा संभाला लिया | सफ़ाईकर्मियों ने लगभग 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद इलाके को पहले की तरह साफ़ कर दिया |
दैनिक मालवा हेराल्ड ने पिछले सप्ताह ये प्रकाशित किया था कि दूध तलाई क्षेत्र में जहां झोन क्रमांक 6 का कार्यालय है उसके सामने साप्ताहिक हाट बाज़ार लगाया जाता है । यह शहर के सबसे पुराने और व्यस्ततम इलाकों में लगने वाले हाट बाजारों में से एक है | महाशिवरात्रि के दिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने उज्जैन पहुँच कर यहीं पर सुदामा मार्केट में बने शॉपिंग काम्प्लेक्स का उद्घाटन किया था | उसी दौरान नगर निगम ने इस क्षेत्र की सफ़ाई व्यवस्था का जिम्मेदारी संभाल ली थी और हर रविवार हाट बाज़ार समाप्त होने के पश्चात नगर पालिक निगम की टीम मौके पर पहुँचकर पूरे क्षेत्र को रात में ही साफ़ कर देती थी |
दैनिक मालवा हेराल्ड ने स्थानीय रहवासियों से मिली जानकारी के आधार पर ख़बर प्रकाशित की थी कि रात्रिकालीन सफ़ाई व्यवस्था अचानक ही सुबह के समय पर शिफ्ट हो गई है | उज्जैन नगर पालिक निगम ने हमारी इस ख़बर के बाद तुरंत ही व्यवस्था में बदलाव किया और रात में ही पूरे इलाके में सफ़ाई अभियान चलाया | उज्जैन नगर पालिक निगम की इस त्वरित कारवाही से आस पास के रहवासियों में हर्ष का माहोल है | वहीं सब्जी के इधर उधर फैले रहने के कारण क्षेत्र में आवारा पशुओं का जमावड़ा हो जाता था जिसके कारण रात के समय में लोगों को उस इलाके से निकलने में दिक्कत होती थी | इसी प्रकार स्टेशन से महाकाल मंदिर जाने वाले तीर्थ यात्रियों की भी गंदगी के बीच से होकर निकलना पड़ता था | निगम की इस कारवाही से कई समस्याओं का स्वतः निदान हो गया |