
उज्जैन | रविवार का दिन अल सुबह महापौर मुकेश टटवाल शहर के सबसे बड़े उद्यान में से एक चकोर पार्क पहुँच गए | यहाँ सबसे पहले वे शहर के नागरिकों से रूबरू हुए फिर उन्हीं के साथ मोर्निंग वाक किया गप्पे और चर्चा की | जहाँ शहर के विकास से जुड़ी बात आती है तो महापौर जी छुट्टी के दिन भी निकल पड़ते हैं | उनके औचक निरीक्षण में उन्होंने पाया कि उद्यान में व्यवस्थाएं ठीक नहीं है, पेड़ पौधों का हाल बुरा है | ना उन्हें समय पर पानी दिया जा रहा है ना ही घास की कटाई हो रही है | म्यूजिकल फाउंटेन भी बंद पड़ा है |
हम अपने पाठकों को ये बताना चाहेंगे कि चकोर पार्क नगर निगम द्वारा संधारित उद्यान है, इसके सम्पूर्ण रख रखाव की जिम्मेदारी उज्जैन नगर पालिक निगम की है | महापौर ने चकोर पार्क में प्रातः भ्रमण एवं योगाभ्यास के लिए आने वाले नागरिको से चर्चा की, उनकी समस्याएं सुनी एवं सम्बंधित अधिकारियों को लापरवाही ना बरतने के निर्देश दिये | नागरिकों ने महापौर जी को बारिश के समय ध्यान एवं योगाभ्यास करने में आने वाली समस्याओं के बारे में बताया | नागरिकों ने बारिश से बचने के लिए शेड बनवाने की बात कही इसपर महापौर द्वारा संबंधित उपयंत्री को निर्देशित किया कि पार्क में एक ऐसा रिक्त स्थान देखा जाए जहां शेड का निर्माण किया जा सके ताकि बारिश के समय इस प्रकार की समस्या ना हो साथ ही यहां आने वाले नागरिक ध्यान एवं योग कर सकें |