top of page

बैंकों के माध्यम से गरीबों को आत्मनिर्भर बनाने के लिये बगैर गारंटी ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा

उज्जैन/मालवा हेराल्ड | वित्त, वाणिज्यिक कर, योजना एवं सांख्यिकी तथा उज्जैन जिले के प्रभारी मंत्री श्री जगदीश देवड़ा शनिवार २७ अगस्त को स्थानीय विक्रम कीर्ति मन्दिर में आयोजित राज्य स्तरीय रोजगार दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने हितग्राहियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि सरकार सब तरह के रोजगार बैंकों की मदद से मुहैया करवा रही है। गरीब तबके के हितग्राहियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिये बगैर गारंटी के बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है, ताकि उनका स्वयं का रोजगार स्थापित कर अपना व्यवसाय कर सकें। इससे गरीबों का मनोबल बढ़ा है और वे स्वयं आत्मनिर्भर हो रहे हैं। नौजवानों को सभी क्षेत्र में रोजगार मिले, इस सम्बन्ध में सरकार लगातार प्रयास कर रोजगार मुहैया करवा रही है।


प्रभारी मंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि हम सबके लिये गर्व की बात है कि प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की जितनी तारीफ की जाये, उतनी कम है, क्योंकि उन्होंने सर्वहारा वर्ग के लोगों का ध्यान रखते हुए गरीबों की भी चिन्ता कर विभिन्न योजनाओं को धरातल पर लाकर रोजगार दिलाने का कार्य कर रहे हैं। प्रभारी मंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यम क्रान्ति योजना के अन्तर्गत प्रदेश के युवाओं को अपना खुद का उद्यम स्थापित करने के लिये ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है। योजना के अन्तर्गत प्रदान किये गये ऋण की गारंटी सरकार द्वारा बैंकों को प्रदान की जायेगी। इसका तात्पर्य है कि लाभार्थी हितग्राहियों को कोई भी गारंटी ऋण प्राप्त करने के लिये बैंक को नहीं देना होगी। योजना में एक और खास बात यह है कि सरकार द्वारा लाभार्थी हितग्राहियों को ऋण पर ब्याज अनुदान भी प्रदान किया जायेगा।


इस अवसर पर उज्जैन उत्तर विधायक श्री पारस जैन ने भी सम्बोधित करते हुए कहा कि सरकार गरीबों की चिन्ता करने वाली सरकार है। बेरोजगार हितग्राहियों को अपना स्वयं का स्वरोजगार स्थापित करने के लिये विभिन्न बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, यह प्रशंसनीय है। गरीबों की चिन्ता सरकार के साथ-साथ हर समाज के सम्पन्न व्यक्ति कर रहे हैं। विधायक श्री पारस जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यम क्रान्ति योजना युवाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सरकार ने यह योजना शुरू की है। योजना में सभी वर्गों के लिये समान है। इसके अन्तर्गत उद्यम व सेवा क्षेत्र में युवाओं को ऋण पर तीन प्रतिशत ब्याज अनुदान प्रदान किया जा रहा है। इस अवसर पर कलेक्टर श्री आशीष सिंह, पूर्व विधायक श्री शान्तिलाल धबाई, श्री बहादुरसिंह बोरमुंडला, श्री विशाल राजौरिया, श्री संजय अग्रवाल, श्री वीरेंद्र कावड़िया एवं जिले के हितग्राही आदि मौजूद थे।


अतिथियों ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, ग्रामीण पथ विक्रेता, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (समूह), स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री उद्यम क्रान्ति योजना, सन्त रविदास स्वरोजगार योजना आदि योजनाओं के स्वीकृत प्रकरणों को विभिन्न बैंकों के द्वारा हितग्राहियों को ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि उक्त योजनाओं में वर्तमान २७ अगस्त तक जिले के २०६ हितग्राहियों को तीन करोड़ ७७ लाख से अधिक की राशि उपलब्ध करवा कर स्वयं के रोजगार स्थापित करने का कार्य किया गया है। अतिथियों ने प्रतीकस्वरूप हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति एवं सांकेतिक रूप से चेक वितरण किये। इस अवसर पर जिले की स्व-सहायता समूह की महिलाओं को भी सांकेतिक रूप से चेक वितरित किये। मप्र डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के १७ स्व-सहायता समूह को ९० लाख रुपये की राशि का ऋण वितरण प्रतीकस्वरूप चेक वितरित किये। कार्यक्रम में समूह की १२५ स्व-सहायता समूह की सदस्य आदि ने भाग लिया था। कार्यक्रम के प्रारम्भ में अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। अतिथियों का स्वागत उद्योग विभाग के महाप्रबंधक, एलडीएम आदि ने किया।


कार्यक्रम पश्चात अतिथियों ने इन्दौर से मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का वर्चुअल सम्बोधन सुना। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के शाजापुर जिले के जितेंद्र पाटीदार, मंडला जिले के दिनेश श्रीवास्तव, अनुपपुर एवं बड़वानी के हितग्राहियों से सीधा संवाद किया। संवाद के दौरान मुख्यमंत्री श्री चौहान ने लाभान्वित हितग्राहियों से अनुरोध किया कि वे अपने बेरोजगार साथियों को भी गाईड कर लाभ पहुंचाने का प्रयास करें। बैंकों के सहयोग से विभिन्न योजनाओं के माध्यम से ऋण उपलब्ध करवा कर रोजगार स्थापित करवाया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वर्चुअल सम्बोधन में कहा कि देश के साथ-साथ हमारा प्रदेश भी निरन्तर आगे बढ़ रहा है। बेटे-बेटियों को रोजगार देने के लिये प्रतिमाह रोजगार दिवस मनाया जा रहा है। जरूरतमन्द लोगों को बैंकों से ऋण उपलब्ध करवा कर रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार का फोकस अधिक से अधिक लोगों को रोजगार दिलवा कर उन्हें अपने पैरों पर खड़ा करने का है। परिवार की तरह ही हम सरकार चला रहे हैं और हम सब मिलकर प्रदेश को आगे बढ़ायेंगे। वर्तमान में पुलिस की भर्ती चालू है और एक साल में एक लाख सरकारी नौकरियां दी जायेंगी। गरीबी से मुक्त करवाने का राज्य सरकार का संकल्प है। उन्होंने कहा कि रोजगार लेने वाले नहीं, देने वाले बनिये।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page