top of page

बीना के युवक की चोरी गई बाइक पवासा में मिली

29 May 2023

मोबाइल पर चालान आया तब बाइक पकड़ाई

उज्जैन.दैनिक मालवा हेराल्ड | सागर जिले के बीना तहसील अंतर्गत ग्राम मुड़िया देहरा निवासी विकास पिता वीर सिंह कुर्मी 3 अप्रैल को महाकाल दर्शन करने उज्जैन आया था। 3 और 4 अप्रैल की दरमियानी रात वह महाकाल थाना क्षेत्र अंतर्गत सतयुग होटल के पास बाइक खड़ी कर के सो गया। विकास ने जब उठ कर देखा तो उसकी बाइक मौके से नदारद थी और उसकी जेब में रखा सैमसंग कंपनी का 14 हज़ार रुपये का मोबाइल और लगभग ₹4000 भी चोरी हो गए थे।


घटना की शिकायत विकास ने महाकाल थाने में आकर की, जहां उससे आवेदन लेकर रवाना कर दिया गया। 26 मई को विकास के मोबाइल पर एक मैसेज आया जिसमें उसकी चोरी हुई बाइक का ₹300 चालान 3 मई को जारी होना बताया। विकास ने ट्राफिक थाने आकर संपर्क किया। ट्रैफिक विभाग के मेला कार्यालय स्थित आईटीएमएस के कंट्रोल रूम पर आरक्षक अमित कुमार ने विकास की बाइक को ट्रेस किया तो जानकारी लगई कि एक युवक रोजाना विकास की बाइक से पवासा थाना क्षेत्र में आ जा रहा है। विकास अपने दोस्त संजू के साथ 2 दिन पहले उज्जैन आया और चोर की तलाश करने लगा।सोमवार सुबह विकास को पँवासा थाने के पास एक युवक उसकी बाइक के साथ दिखा। जिसे रोक कर वह थाने लेकर आया।यहां से महाकाल थाना पुलिस को सूचना दी गई और महाकाल पुलिस सभी को थाने ले आई। जहां विकास की शिकायत पर चोरी की रिपोर्ट लिखी गई है।


इधर चोरी की बाइक सहित पकड़ाए युवक का नाम दिनेश पिता शिवाजी निवासी गांव मजानिया जिला शाजापुर बताया जा रहा है।युवक फिलहाल उज्जैन के पाटपाला में रहता है और योगेश उदयवाल नामक व्यक्ति की जेसीबी चलाता है।दिनेश की पत्नी पूजा ने बताया कि उसके पति को योगेश उदयवाल ने लगभग 1 महीने पहले यह बाइक चलाने के लिए दी है। पूजा के अनुसार योगेश उदैवल ने यह बाइक किसी से गिरवी रखी है। फिलहाल दिनेश को महाकाल थाना पुलिस ने हिरासत में लिया है और उसके सेठ योगेश उदयवाल को पूछताछ के लिए थाने बुलवाया है। इस पूरे घटनाक्रम में मुख्य बात यह है कि एक चालान कटने से बाइक मिल गई। बाइक मालिक विकास कुर्मी ने बताया कि ट्रैफिक थाने के आरक्षक अमित कुमार का इसमें विशेष सहयोग रहा है।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page