top of page

मक्सी रोड पर भयावक हादसा 

उज्जैन.दैनिक मालवा हेराल्ड | उत्तर प्रदेश से अहमदाबाद जा रही बस की बुधवार गुरुवार रात उज्जैन मक्सी मार्ग पर ट्राले से भिड़ंत हो गई। दुर्घटना काफी भयावह थी, तीन की मौके पर मौत हो गई थी वही मां बेटी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। 15 यात्री चालक सहित घायल है।


उत्तर प्रदेश के माधवगढ़ से शारदा ट्रेवल्स की वीडियो कोच बस क्रमांक यूपी 75 एटी 4799 यात्रियों को लेकर अहमदाबाद के लिए रवाना हुई थी। रात 3:30 के लगभग उज्जैन मक्सी मार्ग से गुजरते समय ग्राम दोनता के पास बस सामने से आ रहे ट्राले से जा भिड़ी। आमने-सामने की भिड़ंत होते ही जोरदार धमाका हुआ और बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। यात्रियों में चिल्ला पुकार मच गई। भयावह दुर्घटना की जानकारी लगते ही मक्सी, कायथा और आसपास की थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। बस के केबिन में फंसे यात्रियों को बमुश्किल बाहर निकाला गया। तीन की मौत हो चुकी थी। 15 से अधिक घायल थे जिन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल उज्जैन भेजा गया। मृतकों की पहचान परमात्मा शरण, राम जानकी पति परमात्मा शरण और मीरा बाई पति गणेश प्रसाद प्रजापति के रूप में हुई तीनों उत्तर प्रदेश के जालौन निवासी थे। इधर जिला अस्पताल भेजे गए घायलों में शामिल सुमित्रा पति राम किलौली और 12 वर्षीय पुत्री राधा की कुछ देर चले उपचार के बाद मौत हो गई। मक्सी थाना प्रभारी गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि दुर्घटना में 15 घायलों के साथ चालक गोपाल भी गंभीर रूप से घायल हुआ है जिसके दोनों पैर फैक्चर हो गए हैं। बस में दूसरा चालक अमित सवार था जो दुर्घटना के समय बस के पिछले हिस्से में सोया हुआ था। दुर्घटना में तीन मृतकों का पोस्टमार्टम मक्सी और दो का उज्जैन जिला अस्पताल में कराया गया है। बस में सवार अधिकांश यात्री उत्तर प्रदेश से अहमदाबाद का सफर कर रहे थे। बस में सवार घायल यात्रियों ने बताया कि चालक 90 से 100 की गति से बस दौड़ा रहा था। एक यात्री मानवेंद्र का कहना था कि नौकरी ज्वाइन करने अहमदाबाद जा रहा था। रास्ते से एक लड़की बस में चढ़ी थी जिसे चालक ने केबिन में बैठा लिया था। जिसके साथ चालक हंसी मजाक कर रहा था। रफ्तार अधिक तेज होने और हंसी मजाक में ध्यान भटकने से बस सामने से आ रहे ट्राले से जा टकराई। दुर्घटना होते ही अंधेरा छा गया था। सो रहे यात्रियों में चिल्ला पुकार मच गई थी। बस पिछले हिस्से में बच्चे भी सवार थे। जिला अस्पताल लाए गए घायलों में पत्नी और बेटी को खो चुके राम किलोली, संदीप पिता महेंद्र सिंह, अमित पिता अमरसिंह, परमात्मा पिता प्रीतम, कौशल्या राठौर, शीला पति विनोद, अंजलि पिता विनोद, पुष्पा देवी पति अरविंद, काजोल राठौर, नीरू पिता लाल सिंह, गोपाल पांडे, केदार सिंह और गोपाल पोरवाल का उपचार चल रहा है।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page