top of page

ठप्प पड़ गई है दूध तलाई हाट बाजार की रात्रिकालीन सफ़ाई व्यवस्था

28 May 2023

पिछले 3 हफ़्तों से पुनः दिन की पाली में उठ रहा है रात का कचरा

उज्जैन.दैनिक मालवा हेराल्ड | उज्जैन रेलवे स्टेशन से मात्र 300 मीटर दूरी पर हर रविवार दूध तलाई क्षेत्र में आम जनता के लिए शहर के सबसे पुराने हाट बाज़ारों में से एक लगता है | यह शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में लगने वाले बाजारों में से एक है | हाल ही में महाशिवरात्रि पर्व के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने उज्जैन महापौर मुकेश टटवाल के विशेष अनुरोध पर अपने वयस्त कार्यक्रम से समय निकालते हुआ दूध तलाई स्थित सुदामा मार्केट में बने शॉपिंग काम्प्लेक्स का उद्घाटन किया था | उसी दौरान नगर निगम ने इस क्षेत्र की सफ़ाई व्यवस्था का जिम्मेदारी संभाल ली थी | फिर यहाँ हर रविवार हाट बाज़ार समाप्त होने के पश्चात नगर पालिक निगम की टीम मौके पर पहुँच जाती और पूरे क्षेत्र को रात में ही साफ़ कर देती थी |


किन्तु पिछले तीन हफ़्तों से रहवासियों ने ये अनुभव किया कि ये सफ़ाई व्यवस्था अचानक ही रात से फिर सुबह पर चली गई है | पिछले रविवार उस क्षेत्र के रहवासी ने यह बात मालवा हेराल्ड से साझा की और मौके पर पहुँचने पर हमारी टीम ने जानकारी सही पाई | यहाँ मजेदार बात ये है कि इस हाट बाज़ार से जोन कार्यालय की दूरी शून्य किलोमीटर है फिर भी क्षेत्रवासियों की इस समस्या का निदान नहीं हो पा रहा है | प्रधानमंत्री मोदी जी की मंशा से पूरे देश में स्वछ भारत अभियान पूरे जोरशोर से चल रहा है | निगम आयुक्त रौशन कुमार सिंह उज्जैन को स्वछता में पूरे देश में नंबर एक पर लाने के लिए एड़ी छोटी का जोर लगा रहे हैं | वे स्वयं सुबह जल्दी उठकर किसी भी क्षेत्र का दौरा कर लेते हैं कई बार वे रात के समय भी मौके पर पहुँच कर सफ़ाई व्यवस्था की समीक्षा करते हैं |


इस ख़बर के माध्यम से हम आयुक्त जी ध्यान इस ओर आकर्षित करना चाहते हैं, ताकि पुरानी सफ़ाई व्यस्था फिर से बहाल हो सके | यह क्षेत्र बीच शहर में जोन कार्यालय के बिलकुल नजदीक आता है रात्रि काल में कई बार बाहर से आये दर्शनार्थी इस मार्ग से पैदल गुजरते हैं | ऐसे में उन्हें गन्दगी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है जिससे उनकी नज़र में उज्जैन की छवि क्रराब होती है | यही नहीं रात के समय में फल एवं सब्जियों के सड़क पर इकठ्ठा होने से वहाँ पशुओं का जमावडा भी लग जाता है |


ख़बर के प्रकाशन से पहले मालवा हेराल्ड की टीम ने अन्य हाट बाजारों की व्यस्था जानी | इस क्रम में नानाखेड़ा के मंगलवार बाजार में रात्रि में ही सफ़ाई की गई उसी प्रकार गुरुवार के दिन नीलगंगा हाट बाजार की समाप्ति पर नगर निगम की टीम ने रात में ही मौके पर पहुँच कर पूरी सफ़ाई की | अभी रात के सफ़ाई कार्य में दूध तलाई क्षेत्र में ही उदासीनता नज़र आ रही है बाकी सभी जगह की टीमें अपना काम ठीक से करती पाई गईं |

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page