
उज्जैन.दैनिक मालवा हेराल्ड | जिला न्यायालय भवन में शुक्रवार सुबह 10 बजे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक बुलेट से न्यायालय भवन के मुख्य द्वार तक पहुंचा और दौड़ता हुआ कोर्ट रूम में पहुंचकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। युवक चिल्ला रहा था मर्डर करके आया हूं मैडम को बुलाओ सरेंडर करना है।
बताया जा रहा है कि सुबह न्यायालय भवन खुला था और कर्मचारी साफ सफाई में लगे हुए थे। 10 बजे के लगभग एक युवक तेजगति से बुलेट चलाता हुआ मुख्य द्वार तक पहुंचा और बुलेट खड़ी करने के बाद दौड़ता हुआ न्यायिक मजिस्ट्रेट के कोर्ट रूम में पहुंच गया। उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया था। युवक ने चिल्लाकर बोला कि मर्डर करके आया हूं सरेंडर करना है मैडम को बुलाओ। आवाज सुनकर न्यायालय भवन में हड़कंप मच गया। कोर्ट रूम से युवक को बाहर निकालने की कोशिश की जाने लगी। माधव नगर थाना पुलिस जानकारी मिलने पर न्यायालय भवन पहुंच गई थी। कोर्ट महिला कर्मचारी ने खुद मैडम बंदकर युवक से दरवाजा खुलवाया। युवक को डीआरपी लाइन के आरक्षक सतपाल ने पकड़ लिया। पुलिस माधवनगर थाने लेकर आई युवक का नाम अरबाज पिता शाकिर निवासी लोहे का पुल होना सामने आया है। वह नशे का आदी है और दिमागी रूप से भी बीमार लग रहा था। पुलिस पूछताछ कर रही है। परिजन भी जानकारी लगने पर थाने पहुंच गए थे। माधव नगर टीआई मनीष लोधा ने बताया कि युवक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है वही घटिया लोग द्वारा उसके खिलाफ वाहन चोरी का प्रकरण दर्ज किया जा रहा है।
जिला कोर्ट भवन तक युवक का पीछा करते हैं घटिया तहसील के ग्राम कदवाली में रहने वाले कुछ युवक भी पहुंचे थे। खुद को कोर्ट रूम में बंद करने वाला युवक जैथल से रणबीर पिता रविंद्रसिंह पवार की बुलेट चुरा कर भागा था। रणवीर ने बताया कि वह घर से जैथल काम के लिए आया था और दुकान पर बुलेट खड़ी कर दी थी चाबी उसी में लगी हुई थी उसी दौरान बदमाश उसकी बुलेट लेकर भाग निकला था।
परिजनों ने बताया कि अरबाज नशे का आदी है जिसके चलते उसे कुछ दिन पहले जमात में भेज दिया था। जमात ताजपुर के ग्राम नरसली पहुंची थी। जहां से अरबाज भाग निकला था। नशे के चलते उसकी दिमागी हालत भी खराब हो गई है। जानकारी मिली है कि ताजपुर से वह बस में सवार होकर जैथल तक पहुंचा था।