
उज्जैन/मालवा हेराल्ड | नवरात्र में जहां लोग मांस और मदिरा से दूरी बनाते हैं, वहीं उज्जैन में एक ऐसा स्थान है जहाँ महाअष्टमी के दिन माता रानी को मदिरा का भोग लगाया जाता है | इस दिन मंदिर में आने वाले भक्तों को भी प्रसाद के रूप में शराब ही बांटी जाती है | जानकारों के मुताबिक यह परंपरा राजा विक्रमादित्य के शासन काल से चली आ रही है |
उज्जैन चौबीस खंबा माता मंदिर में देवी महामाया और देवी महालाया की प्रतिमाएं स्थापित है | यहाँ अल सुबह पूजन के बाद नगर पूजन यात्रा शुरू होती है | माना जाता है सम्राट राजा विक्रमादित्य इन देवियों की आराधना किया करते थे | उन्हीं के समय से नवरात्रि के महाअष्टमी पर्व पर यहाँ सरकारी अधिकारी के द्वारा पूजन किये जाने की परम्परा चली आ रही है |
आज प्रातः कलेक्टर आशीष सिंह ने शारदीय नवरात्र की महाष्टमी पर देवी महामाया-महालया को मदिरा की धार चढ़ाई। चौबीस खम्बा माता मंदिर में आज सुबह से ही दर्शन के लिए भक्तो का ताँता लगा है | नगरपूजा में शहर को प्राकृतिक आपदा से बचने और नगर की सुख समृद्धि व खुशाली के लिए शासकीय अधिकारी द्वारा पूजन एवं कामना की जाती है।